
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को संपन्न हुए तीन टी-20 मैचों की सीरीज पर विराट बिग्रेड ने अपना कब्जा जमा लिया है। सीरीज के आखिरी और तीसरे मैच में भारत ने सात विकेट के अंतर से जीत हासिल की। इस मैच में भारत की ओऱ से सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली। रोहित की बेहतरीन पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को उसके घरेलू मैदान पर मात दिया। इस मैच में मिली जीत भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है, जब भारत ने इंग्लैंड को उनके घरेलू मैदान पर टी-20 सीरीज में मात दी हो। भारतीय टीम की जीत के बाद कई दिग्गजों ने टीम इंडिया की बधाई दी। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी ट्वीट करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी है।
रोहित ने बनाया खास रिकॉर्ड-
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज करवाए। इस शतकीय प्रहार के दम पर रोहित शर्मा ने टी-20 इंटरनेशनल में अपने 2000 रन पूरे किए। साथ ही रोहित दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए, जिनके नाम पर क्रिकेट को तीनों प्रारूप में तीन शतक लगाने का रिकॉर्ड हो। इस मैच में रोहित के साथ-साथ स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अपना जौहर दिखाया। हार्दिक ने गेंदबाजी के दौरान चार विकेट लिए। साथ ही अंतिम ओवरों 14 गेंदों पर 33 रनों की तेज तर्रार पारी खेली।
सहवाग ने कुछ ऐसे दी बधाई-
भारत की शानदार जीत पर वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इंग्लैंड हम शर्मिंदा है, टैलेंट अभी जिंदा है। सहवाग ने अपने ट्वीट पोस्ट में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की भी जमकर तारीफ की। सहवाग ने अपने इस पोस्ट में हार्दिक को कुंग-फू पांड्या लिखा। बताते चले कि सहवाग ने ही हार्दिक को यह निकनेम दिया है। सहवाग के साथ-साथ टीम के लाजवाब प्रदर्शन पर सचिन तेंदुलकर सहित कई अन्य क्रिकेटरों ने भी बधाई दी।
अब छिड़ेगी वनडे की जंग-
टी-20 सीरीज की समाप्ति के बाद अब भारत और इंग्लैंड की टीमें एकदिवसीय क्रिेकेट में आमने-सामने होगी। वनडे सीरीज में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मैच 12 जुलाई को जबकि दूसरा मैच 14 जुलाई को खेला जाएगा। वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 17 जुलाई को लीड्स में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने टी-20 में जिस तरह का प्रदर्शन दिखाया है, उसे देखते हुए यह कहा जा रहा है कि वनडे टीम में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होगी।