क्रिकेट

वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ODI वर्ल्‍ड कप 2027 की टीम में फिट नहीं होंगे, अश्विन ने दावे के साथ बताई असल वजह

R Ashwin on Washington Sundar and Axar Patel: भारतीय टीम मैनेजमेंट ODI वर्ल्‍ड कप 2027 से पहले इंग्‍लैंड के दौरे को एक्‍सपेरिमेंट के तौर पर देख रहा है और टीम में लगातार प्रयोग करने की बात कर रहा है। वहीं, पूर्व अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर आर अश्विन ने दावा किया है कि वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल आगामी वर्ल्‍ड कप की टीम में फिट नहीं होंगे। उन्‍होंने इसके पीछे की वजह भी बताई है।
2 min read
Jul 15, 2026
R Ashwin on Washington Sundar and Axar Patel
भारत को पहला वनडे जिताकर पवेलियन लौटते अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर। (फोटो सोर्स: IANS)

R Ashwin on Washington Sundar and Axar Patel: इंग्‍लैंड के खिलाफ पहले वनडे में कुलदीप यादव को नहीं खिलाए जाने पर सवाल उठाए गए थे, जिसके बाद भारतीय कप्‍तान शुभमन गिल ने मैच के बाद स्‍पष्‍ट किया था कि टीम इंडिया 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले कॉम्बिनेशन के साथ एक्सपेरिमेंट करने के लिए मौजूदा सीरीज का इस्तेमाल करेगी। इसी बीच भारतीय पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट पर कुलदीप यादव को लेकर सवाल उठाए हैं। अश्विन ने कहा है कि विश्व कप से पहले कुलदीप को मौके मिलने चाहिए। इसके साथ ही उन्‍होंने कारण सहित ये दावा भी किया कि वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल वर्ल्‍ड कप की टीम में फिट नहीं होंगे।

'अक्षर-वाशिंगटन वर्ल्‍ड कप टीम में फिट नहीं होंगे'

आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि एजबेस्टन में छह विकेट से जीत में भारतीय टीम ने कुलदीप की जगह ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर पर विश्‍वास जताया। मैं यह कहता हूं कि ये दोनों ही वनडे विश्व कप 2027 की टीम में फिट नहीं होंगे, क्‍योंकि ये दोनों फिंगर स्पिनर हैं। साउथ अफ्रीका के विकेट को देखते हुए उन्‍होंने कहा कि वहां कुलदीप की जगह बनेगी। हर्षित राणा फिट और अच्छा खेलें, तो वह टीम के तीसरे तेज गेंदबाज हो सकते हैं। इसलिए, टीम मैनेजमेंट कुलदीप का अभी से सपोर्ट करे। कुलदीप एक मैच विजेता स्पिनर हैं और किसी भी फेज गेंदबाजी कर मैच रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। दक्षिण अफ्रीका में कुलदीप का रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है।

'कुलदीप को मुख्‍य स्पिनर के तौर पर खिलाएं'

उन्‍होंने कुलदीप यादव को अंदर-बाहर करने के पिछले रिकॉर्ड का संज्ञान लेते हुए कहा कि मौजूदा टीम मैनेजमेंट ने कुलदीप का उतना समर्थन नहीं किया है। उसका सहयोग करना चाहिए। वह एक मैच विजेता खिलाड़ी है और इस समय उसका आत्मविश्वास बढ़ाना बहुत जरूरी है। अगर कुलदीप को 2027 विश्व कप में सही मनोदशा के साथ जाना है, तो उसे मौके मिलते रहना चाहिए। मैं चाहूंगा कि कुलदीप को मुख्य स्पिनर के तौर पर खिलाया जाए।

शिवम दुबे को बताया आखिरी ऑलराउंडर विकल्‍प

अश्विन ने वनडे विश्व कप 2027 के लिए बतौर पेस ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के सर्वश्रेष्ठ विकल्प बताया। दूसरे विकल्प के रूप में उन्होंने नितीश रेड्डी को तरजीह दी। शिवम दुबे को उन्‍होंने आखिरी विकल्‍प बताया। उन्होंने कहा कि शिवम दुबे ने पहले वनडे में जो भी किया, मुझे वह पसंद आया। अगर हार्दिक और नितीश चोटिल हैं, तो शिवम को लेना चाहिए। उन्होंने ठीक-ठाक गेंदबाजी की। लेकिन, उन्हें वनडे क्रिकेट के लिए आखिरी पसंद का ऑलराउंडर होना चाहिए।

शुभमन गिल में बहुत क्षमता

वहीं, उन्होंने शुभमन गिल की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें बहुत क्षमता है। वह किसी न किसी तरह संभाल लेगा। उसके आगे एक शानदार सफर है। व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में विदेशी हालात के बारे में बात करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि वह कोई नया खिलाड़ी नहीं है। उसने बहुत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। वह ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के टूर पर गया है। इसके साथ ही उन्‍होंने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को सभी फॉर्मेट में खिलाने की भी अपील की।

Updated on:
15 Jul 2026 09:57 pm
Published on:
15 Jul 2026 09:57 pm