क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले रहाणे ने दिखाया दम, दिया ये बयान

भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मंगलवार को कहा कि टीम के दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं
less than 1 minute read
• •
Updated: 27 Dec 2017, 11:27 AM IST
we will give our best in south Africa said Ajinkya Rahane

नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मंगलवार को कहा कि टीम के दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं और खिलाड़ी इस दौरे पर अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। भारत, दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट, छह वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा।

अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे
रहाणे ने समाचार चैनल एनडीटीवी से कहा, "हां, हम वहां सीरीज जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। हम अच्छी क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।"उन्होंने कहा, "दक्षिण अफ्रीका एक अच्छी टीम है। उनका गेंदबाजी आक्रमण काफी अच्छा है। वहां की स्थितियों को वो अच्छे से जानते हैं। इसलिए हम उन्हें हल्के में नहीं लेंगे, लेकिन साथ ही हम अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं।"

मुझे जिम्मेदारियां लेना पसंद हैं
रहाणे से जब उप-कप्तान रहते हुए दबाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे जिम्मेदारियां लेना पसंद हैं, चाहे मैं बल्लेबाजी कर रहा हूं या फील्डिंग। मेरे लिए यह अच्छा मौका है कि मैं अपने देश की सेवा कर सकूं।"मुंबई के बल्लेबाज ने कहा, "मैं अच्छे से अच्छा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं। मुझे उप-कप्तानी की चुनौती पसंद है। मैं अपने देश के लिए मैच विजेता बनना चाहता हूं, चाहे टेस्ट हो, या वनडे या टी-20 हो।"भारत को वहां अभ्यास मैच खेलने को नहीं मिलेंगे। बावजूद इसके रहाणे को भरोसा है कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।

हमारे पास अच्छे गेंदबाज हैं
रहाणे ने टीम प्रबंधन के अतिरिक्त नेट गेंदबाज ले जाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा, "इसमें अच्छी बात यह है कि हमारे पास अच्छे गेंदबाज हैं। इन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। उनका सामना करना अच्छा होगा। कई बार विदेशी दौरों पर अभ्यास मैचों में होता है कि आपको पाटा विकेट मिलती हैं और साधारण गेंदबाज मिलते हैं, तो इससे मदद नहीं मिलती।उन्होंने कहा, "टीम प्रबंधन ने यह अच्छा फैसला किया है।"

Published on: