
West Indies vs Pakistan 2nd Test Update: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेला जा रहा है, जहाँ वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 5 विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए हैं। इस मुकाबले में एक समय वेस्टइंडीज ने 120 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन यहां से मेजबान टीम के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर पाकिस्तान की हालत खराब कर दी।
पिछले मुकाबले के 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार बल्लेबाजी की और कप्तान रोस्टन चेज के साथ मिलकर 66 रन की अटूट शानदार साझेदारी कर ली है। दिन का खेल खत्म होने तक ग्रीव्स 64 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि रोस्टन चेज 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
वेस्टइंडीज की ओर से तेजनारायण चंद्रपॉल ने 15 रन, ब्रैंडन किंग ने 46 रन, कावम हॉज ने 10 रन और अमिर जंगू ने 26 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अली ने 2 विकेट चटकाए, जबकि उबैद शाह, अली उस्मान और साजिद खान को 1-1 सफलता मिली।
पाकिस्तान ने इस दूसरे टेस्ट में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप करने का हैरान करने वाला फैसला लिया, जिन्होंने पहले टेस्ट में 8 विकेट चटकाए थे। बता दें कि सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी, जिससे वह डब्ल्यूटीसी (WTC) अंक तालिका में पाकिस्तान को पछाड़कर आठवें स्थान पर पहुँच गई थी। यह पाकिस्तान की विदेशी सरजमीं पर लगातार आठवीं हार थी। इस मुकाबले में ग्रीव्स ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था और प्लेयर ऑफ द मैच चूने गए थे।
ग्रीव्स ने पहले टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ 11 ओवर में 5 विकेट चटका दिए थे और दूसरी पारी में 2 विकेट लेकर पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। दूसरे टेस्ट में जब पाकिस्तान के गेंदबाज भारी पड़ रहे थे, तब एक बार फिर ग्रीव्स सामने रोड़ा बनकर खड़े हो गए और अब बल्ले से पाकिस्तान को परेशान कर रहे हैं।