क्रिकेट

WI vs SL: जेसन होल्डर ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज की धरती पर 50 टी20 विकेट चटकाने का किया कारनामा

Jason Holder Creates History: पहले टी20 मुकाबले में श्रीलंका की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 147 रन ही बना सकी। जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया।
2 min read
Jun 12, 2026
jason holder creates history
जेसन होल्डर ने रचा इतिहास (फोटो- IANS)

West Indies vs Sri Lanka 1st T20: वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में मेहमान टीम सिर्फ 147 रन ही बना पाई। जमैका के सबीना पार्क में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका की ओर से कप्तान कुशल मेंडिस ने 36 रन की पारी खेली, जबकि कमिंदु मेंडिस ने 51 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट चटकाए, जिसकी वजह से श्रीलंका की टीम 150 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकी।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कुशल मेंडिस और पथुम निसांका ने पारी की शुरुआत की और दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी कर डाली। पांचवें ओवर में पथुम निसांका 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेसन होल्डर ने बोल्ड किया। इसके बाद श्रीलंका के विकेटों की झड़ी लग गई। लसिथ क्रूजपुल्ले, पवन रत्नायके और कुशल मेंडिस एक के बाद एक पवेलियन लौट गए।

65 रन पर गिरे 4 विकेट

43 रन पर पहला विकेट गंवाने वाली श्रीलंका की टीम ने 65 रन पर 4 विकेट खो दिए। इसके बाद चरिथ असलंका और कमिंदु मेंडिस के बीच अच्छी साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका को 120 रन के पार पहुंचाया। असलंका ने 22 रन की पारी खेली, जबकि कमिंदु मेंडिस 51 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्षणा, दुश्मंथा चमीरा और ईशान मलिंगा कुछ खास नहीं कर सके। जिसकी वजह से श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 147 रन बना सकी।

जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और वह वेस्टइंडीज में 50 टी20 विकेट पूरा करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। होल्डर ने पथुम निसांका, लसिथ क्रूजपुल्ले और महीश तिक्षणा को आउट किया। वह वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज भी हैं।

वनडे सीरीज में श्रीलंका को मिली थी जीत

आपको बता दें कि श्रीलंका की टीम इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलने गई है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसमें सिर्फ एक ही मैच का नतीजा निकल पाया था। उस मुकाबले में श्रीलंका ने 41 रन से जीत हासिल की थी, जबकि बाकी दोनों मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो गए थे। अब दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है, जिसके बाद दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे।

Updated on:
12 Jun 2026 08:38 am
Published on:
12 Jun 2026 08:38 am