क्रिकेट

मुस्ताफिजुर रहमान आईपीएल से बाहर, क्या केकेआर को देने होंगे 9.20 करोड़ रुपए? जानें क्या है नियम

आईपीएल 2026 से पहले बीसीसीआई ने केकेआर को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश दिए हैं। ऐसी स्थिति में क्या केकेआर को उन्हें 9.20 करोड़ का भुगतान करना होगा?
2 min read
• •
Updated: 6 Jan 2026, 7:55 PM IST
Mustafizur Rahman
मुस्ताफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ में खरीदा था। (फोटो- IANS)

Mustafizur Rahman Controversy: भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक संबंधों और बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रही हिंसा के बाद अब इसका सीधा असर क्रिकेट पर भी पड़ गया है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर लगातार चल रही कॉन्ट्रोवर्सी के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपना फैसला सुना दिया है। बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को निर्देश दिया है कि मुस्ताफिजुर को आईपीएल से पहले रिलीज करना होगा। केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ की बड़ी राशि देकर टीम में शामिल किया था। लेकिन अब मुस्ताफिजुर को टीम से निकालने पर क्या केकेआर को उन्हें यह राशि चुकानी होगी? आइए जानते हैं आईपीएल का नियम क्या कहता है।

क्या मुस्ताफिजुर को मिलेगी पूरी राशि?

आईपीएल में किसी खिलाड़ी को खरीदने के बाद एक कॉन्ट्रेक्ट साइन किया जाता है। अगर कोई खिलाड़ी खुद को अनुपलब्ध घोषित करता है और कोई मैच नहीं खेलता है, तो ऐसी स्थिति में फ्रेंचाइजी को उसे कोई भुगतान नहीं करना होता है। कोई खिलाड़ी अगर चोटिल होकर बिना कोई मैच खेले टूर्नामेंट से बाहर हो जाता है, तो भी उसे कोई पैसा नहीं मिलता है। लेकिन अगर किसी खिलाड़ी को खरीदने के बाद फ्रेंचाइजी खुद उसे नहीं खेलाती है, तो इस स्थिति में पैसों का भुगतान किया जाता है। मुस्ताफिजुर के केस में भी यही स्थिति बन रही है। वह खुद आईपीएल के लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन केकेआर द्वारा उन्हें रिलीज करने पर फ्रेंचाइजी को इसका भुगतान करना पड़ सकता है। लेकिन अधिकतर मामलों में ऐसी स्थिति होने पर फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी आपस में निर्णय कर कॉन्ट्रेक्ट को रद्द कर सकते हैं।

मुस्ताफिजुर ले सकते हैं लीगल एक्शन!

आईपीएल में कोई खिलाड़ी अगर फ्रेंचाइजी का कैंप जॉइन कर लेता है, तो उसे इंश्योरेंस कवर मिलता है। इस इंश्योरेंस में उसे कुल राशि का 50% तक का कवर मिल जाता है। चूंकि केकेआर ने स्वेच्छा से उन्हें रिलीज नहीं किया था और न ही मुस्ताफिजुर इंजरी के कारण बाहर हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में हो सकता है कि केकेआर उन्हें इस राशि का भुगतान न करे। ऐसी स्थिति में मुस्ताफिजुर लीगल रास्ता अपना सकते हैं और केकेआर से कंपनसेशन डिमांड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें खेल पंचाट न्यायालय (Court of Arbitration for Sport) से गुजरना होगा, जो कि भारत के ही कानूनी अधिकार क्षेत्र में आता है। लेकिन भारत-बांग्लादेश के वर्तमान हालात को देखते हुए ऐसा लग रहा है, कि मुस्ताफिजुर इस रास्ते को न चुने।

केकेआर ले सकती है रिप्लेसमेंट

बीसीसीआई ने मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर केकेआर को निर्देश दिए कि उन्हें जल्द से जल्द रिलीज किया जाए। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केकेआर को बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को तुरंत टीम से बाहर करने के निर्देश जारी किए गए हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर केकेआर उनके रिप्लेसमेंट के रूप में किसी खिलाड़ी को साइन करना चाहती है, तो बोर्ड इसकी अनुमति देने को तैयार है।

Updated on:
6 Jan 2026, 7:55 PM IST
Published on: