क्रिकेट

Women Asia Cup: भारत ने श्रीलंका को हराया, मिताली राज के नाम दर्ज हुआ ये खास रिकॉर्ड

महिला एशिया कप टी-20 में आज भारतीय टीम ने श्रीलंका को मात दे दी। इस मैच में मिताली राज ने नाम पर एक खास उपलब्धि दर्ज हुई।
2 min read
• •
Updated: 7 Jun 2018, 3:42 PM IST
indw
Women Asia Cup: भारत ने श्रीलंका को हराया, मिताली राज के नाम दर्ज हुआ ये खास रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज के नाम पर आज एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई। मलेशिया में जारी महिला एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में मिताली राज ने आज श्रीलंका के खिलाफ 23 रनों की पारी खेली। इस छोटी सी पारी के दौरान ही मिताली के नाम पर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। मिताली टी-20 इंटरनेशनल में 2000 रन पूरा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई। मिताली राज के नाम पर अब 74 टी-20 इंटरनेशनल मैचों से 2015 रन हो चुके है। बता दें कि टी-20 में अबतक किसी भी भारतीय महिला क्रिकेटर ने इस मुकाम को नहीं हासिल किया था।

आईसीसी ने ट्वीट कर दी बधाई-
मिताली की इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए आईसीसी ने ट्वीट भी किया। आईसीसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से मिताली राज को बधाई भी दी। भारत की ओर से सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने के मामले में मिताली राज के बाद दूसरे स्थान पर हरमनप्रीत कौर है। हरमनप्रीत कौर के नाम पर 79 मैचों से 1467 रन दर्ज है। वही स्मृति मंधाना इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। मंधाना के नाम पर 38 मैचों से 781 रन दर्ज है।

भारत ने दर्ज की जीत-
महिला एशिया कप में आज भारतीय टीम ने श्रीलंका को मात देने में कामयाबी हासिल की। भारतीय टीम ने श्रीलंका को सात विकेट के अंतर से मात दी। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए थे। जिसे भारतीय टीम ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओऱ से इस मैच में वेदा कृष्णामुर्ति ने 29 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। वेदा के अलावा कप्तान हरमनप्रीत ने 24 जबकि मिताली राज ने 23 रनों की पारी खेली। मंधाना का बल्ला इस मैच में कोई बड़ा धमाका करने में नाकाम रहा। मंधाना 12 रन बनाकर आउट हुई।

अनुजा का हरफरमौला प्रदर्शन-

इससे पहले श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 107 रन बना सकी। श्रीलंका की ओर से हसीनी परेरा ने 46 रनों की नाबाद पारी खेली। परेरा ने 43 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 46 रन बनाए। परेरा के अलावा सलामी बल्लेबाज यशोदा मेंडिस 27 रनों की पारी खेली। इस मैच में गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली अनुजा पाटिल को वुमेन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया। बता दें कि अनुजा ने चार ओवर में महज 19 रन खर्च करते हुए एक विकेट चटकाया था। जबकि बल्लेबाजी में भी अनुजा ने 16 गेंदों पर 19 रनों की पारी खेली थी।

Published on: