क्रिकेट

कौन है Nandani Sharma? जो सीधे टी20 वर्ल्डकप में करेंगी टीम इंडिया के लिए डेब्यू! WPL में बरपाया था कहर

Nandini Sharma in WPL 2026: वूमेंस प्रीमियर लीग 2026 में डेब्यू करने वाली नंदिनी शर्मा ने पहले ही 2 मुकाबलों में 7 विकेट चटका कर हाहाकार मचा दिया था।

2 min read
May 02, 2026
नंदिनी शर्मा (फोटो- IANS)

Team India Women's T20 World Cup 2026 Squad: शनिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईसीसी वूमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में ज्यादा बड़े बदलाव तो नहीं दिखे, लेकिन स्नेहा राणा, राधा यादव, काशवी गौतम और अमनजोत कौर जैसे खिलाड़ियों के नाम गायब नजर आए। हालांकि, इस दौरान अब तक एक भी इंटरनेशनल मैच न खेलने वाली तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा की टीम में एंट्री हो गई, जो अब सीधे T20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करेंगी।

ये भी पढ़ें

WPL 2026 की 5 भारतीय टॉप स्कोरर को मिली वर्ल्डकप टीम में जगह, यहां देखें पूरा स्क्वॉड

कौन है नंदिनी शर्मा?

आपको बता दें कि नंदिनी शर्मा ने अब तक भारतीय टीम के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है और ना ही कभी उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया था। यह पहली बार है जब उन्हें सीधे भारतीय टीम में जगह मिली है, वह भी तब जब वर्ल्ड कप के लिए स्क्वाड का ऐलान हुआ है। 24 साल की इस तेज गेंदबाज ने वूमेंस प्रीमियर लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 विकेट निकाले थे, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा थे और यही वजह है कि उन्हें सीधे भारतीय टीम में जगह मिली है।

नंदिनी शर्मा ने 10 जनवरी 2026 को वूमेंस प्रीमियर लीग में डेब्यू किया और पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला, जहां उन्होंने 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए। हालांकि, अगले मुकाबले में नंदिनी ने कहर बरपाया और गुजरात जायंट्स के खिलाफ पांच विकेट झटके। नंदिनी ने पूरे टूर्नामेंट में 17 विकेट लिए, जो सबसे अधिक थे। इसी प्रदर्शन के दम पर नंदिनी शर्मा को भारतीय टीम में सीधे वर्ल्ड कप स्क्वाड में जगह मिली है।

14 जून को भारत-पाक का मुकाबला

आपको बता दें कि भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम इंडिया का सामना नीदरलैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारतीय टीम को ग्रुप ए में रखा गया है और एक ग्रुप से दो ही टीमें अगले दौर में जगह बनाएंगी, यानी इसके बाद सीधे सेमीफाइनल राउंड होगा। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद 5 जुलाई को खिताबी मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।

भारतीय टीम का T20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना अब तक अधूरा रहा है। टीम इंडिया ने 2020 के संस्करण में शानदार प्रदर्शन किया था और फाइनल में जगह बनाई थी, जहां उन्हें ऑस्ट्रेलिया से हार झेलनी पड़ी थी। पिछले संस्करण में भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई थी। हालांकि, पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी। ऐसे में इसी आत्मविश्वास के साथ टीम क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट में मैदान पर उतरेगी।

ये भी पढ़ें

इस साल दूसरा T20 वर्ल्डकप जीतने के लिए टीम इंडिया तैयार, हरमनप्रीत की कप्तानी में 15 खिलाड़ियों का किया ऐलान
Also Read
View All