
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
Team India Squad For Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभालेंगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में शेफाली वर्मा और श्रेयंका पाटिल भी शामिल हैं। टीम इंडिया वर्ल्डकप में अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान से खेलेगी। हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी को ग्रुप A में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और बांग्लादेश के साथ रखा गया है।
इसी साल की शुरुआत में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेंस टी20 वर्ल्डकप का खिताब जीता था। ये भारतीय पुरुष टीम का तीसरा खिताब था। इससे पहले मेन इन ब्ल्यू ने साल 2024 और 2007 में ट्रॉफी उठाई थी। इंग्लैंड की मेजबानी में खेले जाने वाले वूमेंस टी20 वर्ल्डकप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब जीतना चाहेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2025 में पहली बार वनडे वर्ल्डकप का खिताब जीता था और अब उसी आत्मविश्वास के साथ वूमेंस टीम इंडिया टी20 वर्ल्डकप में उतरेगी।
भारतीय टीम पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया 17 जून को नीदरलैंड्स से भिड़ेगी। हरमनप्रीत एंड कंपनी का सामने 21 जून को साउथ अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। हर ग्रुप से टॉप की 2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। मतलब साफ है कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने ग्रुप में कम से कम दूसरा स्थान हासिल करना होगा।
पहले राउंड से 8 टीमें बाहर हो जाएंगी और 4 टीमों को अंतिम 4 में जगह मिलेगी। पहला सेमीफाइनल 30 जून को और दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई को लंदन के कनिंगटन ओवल में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
वर्ल्डकप 2024 में टीम इंडिया सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना सकी थी। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया का सबसे शानदार प्रदर्शन साल 2020 में देखने को मिला था, जहां टीम इंडिया फाइनल में पहुंची थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसे हरा दिया था।
Updated on:
02 May 2026 05:52 pm
Published on:
02 May 2026 05:28 pm
