
Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद अब भारतीय टीम की नजर वूमेन टी20 वर्ल्ड कप पर होगी। आपको बता दें कि इंग्लैंड की मेजबानी में 12 जून से 5 जुलाई तक इस टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें 12 टीमें हिस्सा लेंगी। वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण साल 2009 में खेला गया था, जब इसकी मेजबानी भी इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने की थी।
अब इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण आयोजित होने जा रहा है, जहां पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी। शुरुआती 3 संस्करणों में 8 टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि 2014 से 2024 तक 10 टीमें भाग लेती रही हैं। 2026 में पहली बार 12 टीमें खेलेंगी, जिसमें कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे।
मेंस टी20 वर्ल्ड कप का तीन बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के मुकाबले, वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम अब तक सिर्फ एक बार फाइनल में पहुंच पाई है और ट्रॉफी जीतने का सपना अभी अधूरा है। हालांकि पिछले साल भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को वनडे वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में हराकर पहली बार कोई आईसीसी इवेंट जीता था। ऐसे में इस बार टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम से काफी उम्मीदें होंगी और भारतीय फैंस चाहेंगे कि मेंस टीम की तरह वूमेंस टीम भी इस बार चैंपियन बने।
पिछले संस्करण में भारतीय टीम सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना सकी थी। टीम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2020 में रहा, जब उसने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। टी20 फॉर्मेट की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया रही है, जिसने सबसे ज्यादा 6 बार ट्रॉफी जीती है। वहीं इंग्लैंड ने उद्घाटन सीजन अपने नाम किया था, जबकि 2016 में वेस्टइंडीज चैंपियन बना था। पिछले संस्करण की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया रही थी, जिसने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था।
भारतीय टीम का ऐलान 2 मई को होगा। इस बार चयनकर्ताओं की भी सिरदर्दी बढ़ गई है। क्योंकि हाल ही में साउथ अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम को 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था। जबकि अंडर 19 वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2025 में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। ऐसे में ये भी देखना होगा कि चयनकर्ता यंग टीम इंडिया के कितने खिलाड़ियों को मौका देते हैं।