क्रिकेट

WTC Final मैच में उतरते ही कोहली ने धोनी को पीछे छोड़ा, 2 नए रिकॉर्ड किए अपने नाम

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में उतरते ही बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले एशियाई खिलाड़ी बन गए विराट कोहली।
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2021, 4:51 PM IST
ms_dhoni_vs_virat_kohli.jpg

नई दिल्ली। इंग्लैंड के साउथम्प्टन में भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस के लिए उतरते ही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने एमएस धोनी (MS Dhoni) को पीछे छोड़ते हुए एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

कोहली ने धोनी को पीछे छोड़ा
महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान भारत के लिए 60 टेस्ट मैच खेले हैं। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उतरते ही कोहली ने उन्हें इस मामले में पीछे छोड़ दिया था। क्योंकि बतौर कप्तान कोहली का यह 61वां मैच है। धोनी ने टीम को 27 में जीत दिलाई जबकि 18 मैच हारे हैं, वहीं कोहली 36 टेस्ट मैचों में जीत दिला चुके हैं और 14 मैचों में टीम को हार मिली है।

ये हैं सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले कप्तान
बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले कोहली पहले भारतीय हैं। उनके अलावा एमएस धोनी 60, सौरव गांगुली 49, सुनील गावस्कर/मोहम्मद अजहरुद्दीन 47 और मंसूर अली खान पटौदी ने 40 टेस्ट खेले थे। यही नहीं, कोहली किसी भी एशियाई देश के लिए सबसे अधिक मैच खेलने वाले टेस्ट कप्तान भी हैं। श्रीलंका के अर्जुन राणतुंगा और पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक 56 टेस्ट मैचों में अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी कर चुके हैं।

कोहली सबसे अधिक टेस्ट खेलने वाले छठे कप्तान
बतौर कप्तान सबसे अधिक मैच खेलने के मामले में कोहली छठे स्थान पर हैं। इस सूची में पहले स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के महान ग्रीम स्मिथ, जिन्होंने रिकॉर्ड 109 मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की। स्मिथ कप्तान के रूप में 100 से अधिक टेस्ट खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं और ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर 93 टेस्ट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के महान पूर्व कप्तान सर क्लाइव लॉयड 74 टेस्ट मैचों के साथ कोहली से आगे हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन : रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन : टॉम लाथम, डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन (कप्तान), रॉस टेलर, हेनरी निकोल्स, बीजे वाटलिंग (विकेटकीपर), कॉलिन डी ग्रैंडहोम, काइल जैमीसन, नील वैगनर, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट।

Updated on:
19 Jun 2021, 4:51 PM IST
Published on: