
WTC Final Qualification scenario: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी। डबल्यूटीसी अंक तालिका में भारत और श्रीलंका दोनों का ही बुरा हाल है। भारत 9 मैचों में मात्र चार जीतकर 48.15 विनिंग प्रतिशत के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है। वहीं श्रीलंका चार मैचों में एक जीतकर 41.67 विनिंग प्रतिशत के साथ छठे नंबर पर काबिज है।
भारत को अगर डबल्यूटीसी के फाइनल की रेस में बने रहना है तो उसे श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी। बता दें कि WTC 2025-27 साइकिल में भारत को अब कुछ 9 टेस्ट मैच और खेलने हैं। श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट के बाद भारतीय टीम अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां भी दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। फिर भारत को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है। इन पांच मैचों का रोल बेहद अहम होने वाला है।
ऐसे में भारत को अगर फाइनल में जगह बनानी है तो यहां से कम से कम 7 मुकाबले अपने नाम करने होंगे और कम से कम मुकाबले हारने होंगे। आईसीसी के नियमों के अनुसार हर टेस्ट जीत पर 12 अंक दिए जाते हैं। अगर भारत श्रीलंका से दोनों मुकाबले जीतकर 24 अंक हासिल कर लेता है, तो उसका विनिंग प्रतिशत बढ़कर 57.58 तक पहुंच जाएगा। वहीं अगर यह सीरीज 1-1 से ड्रॉ होती है तो भारत का विनिंग प्रतिशत 53.33 हो जाएगा। लेकिन अगर भारत यह सीरीज हार जाता है तो श्रीलंका भारत से आगे निकल जाएगा और भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगेगा।
डबल्यूटीसी की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया अभी टॉप पर है। 8 मैचों में 7 जीतकर 87.50 विनिंग प्रतिशत के साथ ऑस्ट्रेलिया नंबर एक पर बना हुआ है। दूसरे नंबर पर चार मैचों में तीन जीतकर 75 विनिंग प्रतिशत के साथ दक्षिण अफ्रीका है। न्यूजीलैंड छह मैचों में चार जीतकर 72.22 विनिंग प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं बांग्लादेश चार मैचों में दो जीतकर 58.33 विनिंग प्रतिशत के साथ चौथे नंबर पर है।