
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना। (फोटो सोर्स: IANS)
Asian Games 2026 Women Cricket Bronze Medal Match Update: एशियन गेम्स वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सामने 146 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने सबसे ज्यादा रन बनाए और वह 45 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके अलावा गुल फिरोजा ने 31 और आलिया रियाज ने 25 रन बनाए। जो टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वह एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का ब्रॉन्ज मेडल जीत लेगी।
एशियाई गेम्स 2022 में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता था। पाकिस्तान की क्रिकेट टीम (मेंस और वूमेंस दोनों) खाली हाथ लौटी थी। इस बार पाकिस्तान को एक बार फिर से ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका मिला है और उसे अपने 145 रन डिफेंड करने होंगे।
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। पहले 6 ओवर तक तो कोई विकेट नहीं गिरा, लेकिन सातवें ओवर में गुल फिरोजा 31 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं, दूसरी ओपनर शावल जुल्फिकार ने काफी धीमी बल्लेबाजी की और 27 गेंद में सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गईं। 46 रन पर अपना पहला विकेट गंवाने वाली पाकिस्तान की टीम 67 तक पहुंचते-पहुंचते 5 विकेट गंवा दिए।
यहां से आलिया रियाज और कप्तान फातिमा सना के बीच बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। रियाज ने 22 गेंद में 25 रन की पारी खेली, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था। तो वहीं कप्तान फातिमा सना 30 गेंद में 45 रन बनाकर पवेलियन लौंटीं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए, जिससे पाकिस्तान की टीम 145 रन तक पहुंचने में सफल रही। बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर, ऋतु मोनी और शोरना अख्तर ने दो-दो विकेट चटकाए, तो संजीदा अख्तर को एक सफलता मिली।
2022 एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी दोनों टीमें गोल्ड मेडल मुकाबले में आमने सामने हैं, जहां श्रीलंका की टीम बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, तो वहीं हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी लगातार दूसरे गोल्ड पर निशाना साधना चाहेगी।
Updated on:
22 Sept 2026 07:45 am
Published on:
22 Sept 2026 07:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
