क्रिकेट

IND vs ZIM: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, टीम में किए दो बड़े बदलाव, देखें प्लेइंग 11

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर ने दो बदलाव किए हैं। शिवम दुबे और प्रिंस यादव की जगह सूर्यांश शेडगे और अशोक शर्मा को मौका मिला है।
2 min read
Jul 26, 2026
India vs Zimbabwe
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा टी20 मैच खेला जा रहा है (Photo - BCCI/X)

India vs Zimbabwe 3rd T20: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत पहले दो मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा चुका है। ऐसे में वह इस आखिरी मुकाबले को भी जीतकर जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ करना चाहेगा। वहीं जिम्बाब्वे अपनी इज्जत बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

टीम इंडिया ने किए ये दो बदलाव

भारतीय टीम इस मैच में दो बदलावों के साथ उतरी है। प्रिंस यादव की जगह अशोक शर्मा को मौका दिया गया है, जबकि शिवम दुबे के स्थान पर सूर्यांश शेडगे खेल रहे हैं। दूसरी तरफ, जिम्बाब्वे की टीम में रिचर्ड नगारवा की जगह वेलिंगटन मसाकाद्जा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।

श्रेयस अय्यर ने पिच को लेकर क्या कहा

रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे, क्योंकि विकेट वही है जो कल था। उम्मीद है कि खेल आगे बढ़ने के साथ यह धीमा हो जाएगा। हमारे लिए जल्दी ढलना जरूरी होगा। हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे। प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हैं। प्रिंस बाहर हैं इसलिए अशोक आए हैं, जबकि शिवम दुबे की जगह सूर्यांश आए हैं।"

वहीं, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, "हम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। टीम को कप्तान से कुछ और रनों की जरूरत है। उम्मीद है कि मेरा और टीम का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। आज सुबह मजबूरी में बदलाव करना पड़ा; रिचर्ड नगारवा को थोड़ी तकलीफ है, इसलिए वेलिंगटन मसाकाद्जा खेल रहे हैं।"

भारत पहले ही जीत चुका है सीरीज

भारत ने सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद अगले मुकाबले को 90 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। एक ओर भारत लगातार तीसरा मैच अपने नाम करना चाहेगा, तो दूसरी तरफ मेजबान जिम्बाब्वे का मकसद इस मैच को जीतकर सम्मान बचाना होगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रेयान बर्ल, वेस्ली मधेवेयरे (विकेटकीपर), तदिवनाशे मारुमानी, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी, वेलिंग्टन मसाकदजा, ब्लेसिंग मुजरबानी।

भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, यश ठाकुर और मयंक यादव।

Updated on:
26 Jul 2026 04:40 pm
Published on:
26 Jul 2026 04:12 pm