
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बेकाबू कार ने कई गाड़ियों को रौंद दिया। इस हादसे में एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई, वहीं नौ लोग भी घायल हो गए। सभी का ईलाज अस्पताल में चल रहा है।
फॉर्च्यूनर सवार ने 9 लोगों को रौंदा
खबरों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली के मीरा बाग इलाके में बुधवार शाम के समय एक फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इस हादसे में फॉर्च्यूनर सवार ने कुल 9 लोगों को कुचला। फॉर्च्यूनर ने एक ई-रिक्शा, एक बाइक सवार, एक साईकिल सवार और पैदल चल रहे लोगों को रौंद दिया। फिर एक कैब ड्राइवर ने किसी तरह फॉर्च्यूनर कार को रुकवाया। दुर्घटना में सड़क पर 16 साल की सीमा नामक लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका अपनी बहन सुमन के साथ काम से लौटकर घर जा रही थी। आठों जख्मी लोगों को पास के ही सहगल अस्पताल में एडमिट कराया गया। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर फॉर्च्यूनर कार सवार को भी चोट आई है। फॉर्च्यूनर कार सवार आरोपी की पहचान 65 वर्षीय केके भरिया के तौर पर हुई है। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाम के वक्त केकेभरिया फिजियोथैरेपी कराकर घर लौट ही रहे थे, तभी उनकी कार के ब्रेक नहीं लग पाए। जिसके चलते ये हादसा हुआ। आरोपी प्रोफेसर का कहना है कि उनकी गाड़ी की रफ्तार कम थी। गाड़ी के ब्रेक फेल होने के चलते ये हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।