Puducherry News: केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईक्कल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी बेटी के क्लासमेट को जहर मिलाया हुआ जूस पिला दिया। जिससे बच्चे की मौत हो गई। घटना के पीछे की वजह जान पुलिस के साथ-साथ आस-पास के लोग भी हैरान है।
हर माता-पिता की चाहत होती है कि उनका बच्चा क्लास का टॉपर हो। लेकिन इस चाहत को पूरी करने के लिए कोई मां किस हद तक गिर सकती है, इसका एक उदाहरण केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी से सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी बेटी के क्लासमेट को जूस में जहर मिलाकर पिला दिया। जहर मिला हुआ जूस पीने से उस बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद मामले की छानबीन में जुटी पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसकी बेटी हर बार सेकेंड टॉपर रहती थी। जबकि वह लड़का टॉप किया करता था। इससे घर में बराबर विवाद होता था। इसी जलन में मैंने उसे जहर मिलाया हुआ जूस पिला दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना पुडुचेरी के कराईक्कल की है। मृतक की पहचान 13 वर्षीय बाला मणिकंदन के रूप में हुई है।
बताया गया कि बाला मणिकंदन नेहरू नगर, कराईक्कल के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था और उसने कक्षा में टॉप किया था। पुलिस ने उसके सहपाठी की मां विक्टोरिया सहयारानी को गिरफ्तार किया है। कराईकल पुलिस के मुताबिक, महिला को बालमणिकंदन से जलन होती थी, जिसने उसकी बेटी को दूसरे स्थान पर धकेलते हुए कक्षा में टॉप किया था।
मृतक बच्चे के माता-पिता राजेंद्रन और मालती की बेटे की मौत के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। ये लोग पुडुचेरी के कराईक्कल में नेहरू कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि विक्टोरिया सहयारानी शनिवार को स्कूल पहुंची थी और लड़के को जूस भेंट की थी। जिसे पीने के बाद घर पहुंचने पर लड़के को लगातार उल्टी होने लगी और उसने अपने माता-पिता से कहा कि उसे विक्टोरिया सहयारानी ने उसे जूस पिलाई है।
लड़के के माता-पिता ने कहा कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वह उसकी जान नहीं बचा सके। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि जूस में जहर मिला हुआ था और जानबूझकर बालामणिकंदन को मारने के लिए दिया गया था।
पुलिस ने विक्टोरिया सहयारानी को गिरफ्तार कर लिया और उसने पुलिस को बताया कि उसे बालामणिकंदन से जलन होती थी क्योंकि वह हमेशा क्लास टॉपर बन जाता था जबकि उसकी बेटी केवल दूसरे स्थान पर ही पहुंच पाती थी। विक्टोरिया सहयारानी को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।