
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश से एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश के कृष्णा नगर में एक इंजीनियरिंग की छात्रा के साथ उसी के सीनियर्स ने घिनौना काम किया और विरोध करने पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। छात्रा ने पुलिस में शिकायत दी है और मामले पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दिए गए अपने बयान में छात्रा ने बताया कि उसके तीन सीनियर उसके साथ लगभग एक साल से रेप कर रहे थे और आरोपियों ने उसकी एक वीडियो भी बनाई है। लड़की ने कई बार इसका विरोध किया और पुलिस के पास जाने की बात कही तो उसे वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर चुप करा दिया गया।
छात्रा ने बताया कि दो आरोपी शिवा रेड्डी और कृष्णा ने लगभग एक साल पहले फरवरी 2017 में एक पार्टी के दौरान उसके पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर इस घिनौने काम को अंजाम दिया और एक वीडियो भी बना ली।
पिछले एक साल से इसी वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करके उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। छात्रा ने बताया कि घटना की जानकारी उसने काॅलेज प्रशासन को दी थी। लेकिन प्रशासन ने भी आरोपियों को लड़की से माफी मांगने और वीडियो डिलीट करने का कहा। प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठाया और ना ही केस दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि तीसरा आरोपी छात्रा को पिछले दो महीनों से ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी, छात्रा का वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर संबंध बनाने और पैसों की मांग भी कर रहा था।
एक साल बाद छात्रा ने हिम्मत करके अपने घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद लड़की परिवार के साथ पुलिस स्टेशन गई और तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। मामला दर्ज होने के बाद छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई।