Bihar में वोटो की गिनती से पहले दिल दहलाने वाली खबर सामने आई भोजपुर में मतगणना से पहले भाजपा नेत्री के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई
नई दिल्ली। बिहार में वोटो की गिनती से पहले दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां भोजपुर जिलें में मतगणना से ठीक पहले भाजपा नेत्री के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। जानकारी के अनुसार भोजपुर में बदमाशों ने वकील सह भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष के पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शहर के टाउन थाना क्षेत्र के सुंदरनगर मोहल्ले की बताई जा रही है।
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता को गोली मार दी
पुलिस जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने सिविल कोर्ट के अधिवक्ता को गोली मार दी। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उनको एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देखते हुए उनको दूसरे हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक अधिवक्ता प्रीतम नारायण सिंह उर्फ साहेब सिंह पुत्र स्व. ब्रह्म नारायण सिंह सुंदर नगर के रहने वाले हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष के पति भी थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंच मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस कप्तान हर किशोर राय, सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत,नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार,नवादा थाना अध्यक्ष संजीव कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंच मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान मृतक के बेटे प्रियदर्शी ने बताया कि उनके पिता शाम में सिविल कोर्ट से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी सुंदर नगर मोहल्ला स्थित मंदिर के पास दो बाइक सवारों ने उनको रोक लिया और गोली मार दी।
गोली मृतक के सिर और पीठ में लगी। प्रियदर्शी ने बताया कि उनका उनके चाचा के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। हालांकि अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।