यह वारदात बिहार के क्यूल और जमालपुर स्टेशन के बीच धनौरी नामक स्टेशन (लखीसराय) के पास की है।
पटना। बिहार में चलती ट्रेन में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां दर्जन भर नकाबपोश बदमाशों ने यात्रियों को गन प्वांइट पर लेकर जमकर तांडव मचाया। यात्रियों से लूटपाट के बाद ट्रेन से कूद कर फरार हो गए। यह वारदात बिहार के क्यूल और जमालपुर स्टेशन के बीच धनौरी नामक स्टेशन (लखीसराय) के पास की है। वारदात के दौरान बदमाशों ने ट्रेन में बैठे यात्रियों से उनके कीमत सामान लूट लिए।
नई दिल्ली से भागलपुर जा रही थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12350 नई दिल्ली से भागलपुर जा रही थी। तभी बुधवार रात करीब 9.30 बजे धनौरी स्टेशन के पास ट्रेन में बदमाश चढ़ गए और यात्रियों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों की संख्या 15 से भी अधिक बताई जा रही है। इन बदमाशों ने चेहरे पर नकाब डाल रखा था और हाथों में बंदूक थमाए थे। अपराधियों ने तीन वातानुकूलित और एक स्लीपर कोच को अपना निशाना बनाया। वारदात के दौरान बदमाशों ने यात्रियों के साथ मारपीट भी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने पुरुष यात्रियों के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्रता व गाली—गजौल की। इस दौरान बदमाशों ने 200 से अधिक यात्रियों के साथ लूटपाट की।
एक भी बदमाश को पकड़ नहीं पाई है पुलिस
पुलिस जानकारी में सामने आया है कि बदमाशों ने यात्रियों से नकदी के साथ ही मोबाइल, लैपटॉप, गहने जैसे कीमती सामान भी लूट लिए। जमालपुर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, पुलिस अभी तक एक भी बदमाश को पकड़ नहीं पाई है। वहीं, घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।