पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के बाद से ही हिंसक घटनाएं हो रही हैं और इसमें भाजपा और टीएमसी समर्थक आमने-सामने हैं।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को भी एक बीजेपी कार्यकर्ता को कथित रूप से टीएमसी समर्थकों ने गोली मार दी। इस हमले के बाद भाजपा कार्यकर्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत काफी गंभीर है।
कूच बिहार में एक और भाजपा कार्यकर्ता को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भाजपा कार्यकर्ता नारायण सरकार पर जानलेवा हमला किया गया। हमले का आरोप सत्तापक्ष के कार्यकर्ताओं पर लगा है। हमले के तुरंत बाद पीड़ित को स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आपको बता दें कि पिछले एक हफ्ते के अंदर पश्चिम बंगाल में 2 भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत की खबरें आई हैं और ये सिलसिला राज्य में पंचायत चुनाव के बाद शुरू हुआ था।
हाल ही मिले थे दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव
इससे पहले पुरुलिया जिले में दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से और हाईटेंशन तार से लटके मिले थे। इन दो घटनाओं के बाज भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने का ये तीसरा मामला है। नारायण सरकार को फिलहाल सिलीगुड़ी के एक नर्सिंग होम में भर्ती किया गया है। लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों को लेकर बीजेपी ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह राज्य से विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
पंचायत चुनाव के बाद से हत्याओं का सिलसिला हुआ है शुरू
बीते शनिवार को 32 साल के दुलाल कुमार का शव हाइटेंशन लाइन के खंभे से झूलता मिला था। इस केस में एक चौंकानी वाली बात ये सामने आई थी कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुलाल कुमार का मर्डर नहीं बल्कि उसने आत्महत्या की थी। वहीं 30 मई को भाजपा कार्यकर्ता त्रिलोचन महतो का शव पेड़ से लटका मिला था। त्रिलोचन के शव के पास एक नोट मिला था, जिसमें कहा गया था कि उसे पंचायत चुनावों में भाजपा के लिए काम करने की सजा मिली है।