14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बंगाल: एक और भाजपा कार्यकर्ता का लटका शव मिला

भाजपा ने तृणमूल को ठहराया जिम्मेदार, तृणमूल बोली दुलाल हमारा कार्यकर्ता, राज्य सरकार ने 4 दिन में 2 जनों की मौत की जांच सीआईडी को सौंपी  

2 min read
Google source verification
kolkata West bengal

बंगाल: एक और भाजपा कार्यकर्ता का लटका शव मिला

- पूरी जांच से पहले ही पुलिस अधीक्षक बोले, आत्महत्या का मामला

कोलकाता

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर में एक और भाजपा कार्यकर्ता का शव फंदे से लटका मिला। शनिवार सुबह बलरामपुर के डाभा गांव में दुलाल कुमार (35) का शव बिजली के हाईटेंशन टॉवर से लटका मिला। इससे तीन दिन पहले बलरामपुर के सुपुरदी गांव के पास भाजपा कार्यकर्ता त्रिलोचन महतो (20) का शव पेड़ से लटका मिला था। उसकी पीठ पर लिखा था कि भाजपा करने का यही अंजाम है। इन दोनों मामलों के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में सियासी वार-पलटवार और तेज हो गया है। भाजपा ने मृत युवक को अपनी पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए आरोप लगाया है कि तृणमूल समर्थकों ने उसकी हत्या की है। दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ने दुलाल को अपनी पार्टी का समर्थक बताते हुए उल्टा भाजपा पर पलटवार किया है और दुलाल की मौत में भाजपा, बजरंग दल और माओवादियों की मिलीभगत का आरोप लगाया। राज्य सरकार ने दोनों मामलों की जांच सीआइडी को सौंप दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने सीआईडी जांच के आदेश को महज दिखावा करार देते हुए दोनों मामलों की सीबीआई जांच की मांग की है। इस बीच जिला पुलिस अधीक्षक जय विश्वास ने जांच पूरी होने से पहले ही इसे आत्महत्या का मामला करार दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि दुलाल ने आत्महत्या की है। जबकि एडीजी (कानून व्यवस्था) अनुज शर्मा ने कहा कि दोनों ही मामलों में साजिश की बू आ रही है। बाहरी लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

----

भाजपा ने बंद बुलाया, पुलिस से झड़प
तीन दिनों के भीतर पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा ने रविवार को पुरुलिया में 12 घंटे का बंद बुलाया है। घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है। मौके पर पुलिस पहुंची तो भाजपा समर्थकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

--

क्या है मामला

दुलाल कुमार शुक्रवार शाम से लापता था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। फिर पुलिस को खबर दी गई। खोजबीन के बाद गांव से कुछ दूर खेत से दुलाल की मोटरसाइकिल मिली। शनिवार सुबह हाईटेंशन टावर से लटका उसका शव मिला। स्थानीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को दुलाल भाजपा की ओर से तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने गया था।