
नई दिल्ली। बुराड़ी के एक ही परिवार के 11 लोगों के फांसी लगा कर मौत को गले लगाने के मामले में रोज नए तथ्य सामने आ रहे हैं। बुराड़ी में मृत परिवार के घर से मिले रजिस्टर से इस मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा खुलासा मौत का फंदा गले में डालने की रिहर्सल से जुड़ा है। मृतक परिवार ने 24 जून की रात से ही 6 दिन तक फंदे पर लटकने का अभ्यास किया था।
मौत की प्रैक्टिस का राज
रजिस्टर में 30 जून को लिखी गई पंक्तियों से इस बात का खुलासा हुआ है कि परिवार ने मौत के फंदे पर लटकने से पहले 6 दिनों तक इसकी प्रैक्टिस की। इसके लिए वह बकायदा अपने गले में फांसी का फंदा डालते थे। इस दौरान वो इसलिए बच जाते थे क्योंकिलोगों के हाथ खुले रहते थे। हालांकि डायरी में लिखी बात के अनुसार सातवें दिन यानी 30 जून की रात को ललित और उसकी पत्नी टीना के हाथ खुले थे जबकि बाकि सबके हांथ बंधे हुए थे। पुलिस को संदेह है कि ललित ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर परिवार के सभी सदस्यों के हाथ बांधे होंगे और सबको फांसी लगाने के बाद खुद भी फांसी पर लटक गए होंगे।
रजिस्टरों से मिले अहम सुराग
मामले के सभी तारों को जोड़ने में उन रजिस्टरों से काफी मदद मिल रही है जिसमें फांसी लगाने के तरीके और इससे जुड़ी हर क्रिया का विस्तार से ज़िक्र है। गौरतलब है कि घर में 11 पाइपों, 11 जालों वाले झरोखों और ११ रजिस्टरों का मिलना बड़ा दिलचस्प है। रजिस्टरों पर 10 साल पहले मरे पिता की आत्मा से हुई हर बातचीत दर्ज है। ललित पूरे घर को धमकी देता था कि अगर उसका कहना नहीं माना गया तो डैडी सबको खत्म कर देंगे। इस वजह से पूरा घर उसकी कोई बात नहीं टालता था।
सिद्धियां पाने के चक्कर में गई जान
पुलिस के मुताबिक उसके बाद जब परिवार ने सुसाइड अटेम्प्ट किया तो सब कुछ एक्सीडेंटल हुआ। रजिस्टर में लिखा है कि इस प्रक्रिया के बाद आत्मा प्रकट होंगे और सबके हाथ खोलेगी । आत्मा किसी एक सदस्य का हाथ खोलती और उसके बाद सबको एक दूसरे के हाथ खोलने थे। परिवार के लोगों का विश्वास था कि इस प्रक्रिया से उनकी शक्तियां बढ़ जाएंगी।