Double Murder in Delhi: दिल्ली के मुंडका थाना इलाके के जेजे कॉलोनी इलाके में देर रात गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
Double Murder in Delhi: राजधानी दिल्ली में अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों की हत्या कर दी है। घटना बीती रात की है। जेजे कॉलोनी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति जख्मी हो गया। देर रात हुई इस गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना दिल्ली के मुंडका थाना इलाके की जेजे कॉलोनी इलाके में हुई। गोलीबारी में मारे गए लोगों की पहचान जगविंदर और मोहनलाल के रूप में हुई है। दोनों जेजे कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके अलावा गोलीबारी में एक और शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश हमलावर गोली मारने के बाद फरार हो गए।
मृतक जगविंदर के भाई ने बताया कि पड़ोसियों ने मुझे घटना की जानकारी दी। उसके अनुसार दो लोग चेहरे पर नकाब पहनकर आए और मेरे भाई और उसके साथ बैठे 2 अन्य बुजुर्गों पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने हमें बताया कि मेरे भाई समेत 2 लोग मारे गए हैं और एक गंभीर रूप से घायल है। इसके साथ ही मृतक ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि मेरे भाई बेहद सीधे थे और किसी से ज्यादा मतलब भी नहीं रखते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस छानबीन में जुट गई है। देश की राजधानी में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होता है। फिलहाल मुंडका थाने की पुलिस ने बताया कि हमलोग मामले की जांच में जुटे हैं। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को निकाला जा रहा है। हमलावरों की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।