Dungarpur Crime : डूंगरपुर के ओबरी कस्बे के एक नाले से एक लापता विधवा का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की बेटी ने एक संदिग्ध पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच शुरू हो गई है।
Dungarpur Crime : डूंगरपुर के ओबरी कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पीछे स्थित एक नाले में 45 वर्षीय लापता विधवा का क्षत-विक्षत शव रविवार को मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। शव बुरी तरह सड़ जाने के कारण उसमें कीड़े पड़ गए थे। मृतका की बेटी ने एक संदिग्ध पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
ओबरी थाना अधिकारी पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार कटारा ने बताया कि मृतका की पहचान डेचा निवासी बबली उर्फ हंतोक डामोर (45 वर्ष) पत्नी स्व. गुटूलाल डामोर के रूप में हुई है। रविवार को सीएचसी के पीछे जंगल की तरफ गाय-भैंस चराने गए एक व्यक्ति को नाले से तेज बदबू आई। पास जाकर देखा तो वहां एक महिला का शव पड़ा था, जिसे कीड़े खा रहे थे। ग्रामीण की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
मृतका की पुत्री रोशनी पत्नी ललित खराड़ी (निवासी पंचवटी) ने ओबरी थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी है। रोशनी ने बताया कि उसकी मां पिछले करीब एक सप्ताह से घर से बिना बताए गायब थी। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। मृतका की तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है और एक बेटी अभी छोटी है।
शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पुलिस ने उसे सागवाड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है, जहां सोमवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुत्री रोशनी ने अपनी रिपोर्ट में मां की हत्या का अंदेशा जताते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ शक के आधार पर नामजद शिकायत दी है।
नाले में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव पुराना होने के कारण उसमें कीड़े पड़ गए थे। मृतका की बेटी की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए एक संदिग्ध के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई है। शव का सागवाड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। संभावना जल्द ही केस का खुलासा हो जाएगा।
रमेश कुमार कटारा, थाना अधिकारी, ओबरी