Bengaluru News: बेंगलुरु में बीते दिनों एक डॉक्टर पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले में घायल डॉक्टर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब कर्नाटक पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है। डॉक्टर की हत्या उसकी मंगेतर ने दोस्तों के साथ मिलकर की।
Bengaluru News: साथ जीने-मरने की कसम खाने वाली मंगेतर कातिल निकली। जी हां, कर्नाटक पुलिस ने बीते दिनों बेंगलुरु में हुई एक डॉक्टर की हत्या के मामले में एक सनसनीखेज खुलासा किया है। दरअसल बेंगलुरु में 10 सितंबर को एक डॉक्टर पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले में घायल डॉक्टर की इलाज के दौरान 18 सितंबर को मौत हो गई थी। अब कर्नाटक पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है। डॉक्टर की हत्या उसकी मंगेतर ने दोस्तों के साथ मिलकर की।
कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार को कहा कि जांच से पता चला है कि सोशल मीडिया पर प्राइवेट वीडियो लीक करने को लेकर युवा डॉक्टर की उसकी मंगेतर ने हत्या कर दी थी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय डॉ. विकास के रूप में हुई है। डॉ. विकास चेन्नई के रहने वाले थे। वहीं आरोपियों की पहचान उसकी मंगेतर 25 वर्षीय प्रतिभा, उसके दोस्त सुशील (25) और गौतम (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने अन्य फरार आरोपी सूर्या की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 10 सितंबर को विकास पर जानलेवा हमला हुआ था और 18 सितंबर को एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना बेंगलुरु के बेगुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, डॉ. विकास और आरोपी प्रतिभा चेन्नई के रहने वाले थे। प्रतिभा आर्किटेक्ट के रूप में एक कंपनी में काम करती थी। दोनों दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए मिले थे और धीरे-धीरे एक-दूसरे को पसंद करने लगे।
एक-दूसरे को पसंद करने के बाद दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में परिवार वालों को भी बताया। रजामंदी मिलने के बाद दोनों जल्द ही शादी करने वाले भी थे। डॉ. विकास ने यूक्रेन में अपना मेडिसिन कोर्स पूरा किया था और चेन्नई में प्रैक्टिस की थी। वह छह महीने के लिए अपने कोर्स को आगे बढ़ाने के लिए बेंगलुरु आया और दोनों एक-साथ रहने लगे। इस दौरान डॉक्टर विकास ने अपनी मंगेतर प्रतिभा और उसकी मां का प्राइवेट वीडियो बनाया।
बाद में, उस वीडियो को सोशल मीडिया पर एक फर्जी अकाउंट से वायरल कर दिया। पुलिस ने कहा कि इस बात को लेकर विकास और प्रतिभा दोनों के परिवारों में लड़ाई हुई। विकास की इस हरकत के बारे में प्रतिभा ने अपने अन्य दोस्तों को बताया। इसके बाद आरोपी सुशील ने 10 सितंबर को डॉक्टर विकास को अपने घर बुलाया और जब वह आया तो आरोपी ने उस पर हथियारों से हमला कर दिया।