13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bharatpur Crime : सरेआम युवक की हत्या से दहला भरतपुर, बेखौफ अपराधियों ने SP ऑफिस के पास चलाई गोली, परिजनों में आक्रोश

Bharatpur Crime : भरतपुर शहर एसपी कार्यालय के पास बेखौफ अपराधी ने एक युवक पर पहले फायरिंग की और इसके बाद SUV से कुचल दिया। युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया।
3 min read
Google source verification
bharatpur youth ajay singh murder family members anger

Bharatpur Crime : पुलिस पर आरोप लगती आक्रोशित जनता। फोटो पत्रिका

Bharatpur Crime : भरतपुर शहर में गुरुवार देर शाम बदमाशों ने बेखौफ होकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने पहले युवक पर फायरिंग की और इसके बाद SUV से उसे कुचल दिया। शहर के व्यस्त मडरपुर मार्ग पर महारानी श्री जया राजकीय महाविद्यालय के पास हुई इस वारदात से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों पर अंकुश के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वारदात स्थल पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कुछ ही दूरी पर है।

मृतक की पहचान अजय सिंह (35 वर्ष) पुत्र बच्चू सिंह निवासी खेमरा हाल निवासी बजाज मैरिज के पास हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजय अपने एक साथी पुष्पेन्द्र के साथ कार से अपने गांव खेमरा जाने के लिए मैरिज होम के पास स्थित घर से निकला था। अजय एमएसजे कॉलेज के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बदमाशों ने अजय एवं उसके साथी पर हमला कर दिया। हमलावर तीन व्यक्ति बताए गए हैं। पहले तीनों ने मारपीट की और जब अजय भागने लगा तो उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद अजय सड़क पर गिर पड़ा।

इसके बाद हमलावरों ने स्कॉर्पियो उसके ऊपर चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। अजय के साथी पुष्पेन्द्र को भी वारदात में मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने अजय को तीन गोलियां मारीं थीं।

एसपी कार्यालय के पास वारदात, फिर भी अपराधी बेखौफ

भरतपुर शहर के जिस इलाके में पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी रहती है, उसी के नजदीक सरेआम गोली चलाकर हत्या कर दी गई। इससे पुलिस की गश्त नाकाबंदी और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अपराधियों में पुलिस का खौफ कितना बचा है, इसका अंदाजा इस वारदात से लगाया जा सकता है कि हमलावर भीड़भाड़ वाले इलाके में हत्या को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए।

शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग और मृतक के परिजन वहां जमा हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को रीको रोड पर आरबीएम अस्पताल के पास रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मार्ग पर तनाव की स्थिति बन गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब पुलिस के आला अधिकारियों के कार्यालय के पास ही बदमाश इस तरह वारदात को अंजाम दे सकते हैं तो शहर के दूसरे इलाकों में आमजन की सुरक्षा का क्या हाल होगा। लोगों ने तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने डीएसटी में कार्यरत एक पुलिसकर्मी पर भी शामिल होने के आरोप लगाए हैं।

नाकाबंदी और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में शहर के प्रमुख मार्गों और बाहरी सीमाओं पर नाकाबंदी कराई। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस देर रात तक लोगों की समझाइश करती रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। हालांकि देर शाम तक हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश बना हुआ था।