गुजरात के मेहसाणा जिले में एक महिला ने अपने पति और सास के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया है।
अहमदाबाद। गुजरात के मेहसाणा जिले में मियां-बीवी के बीच का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहा एक महिला ने अपने पति और सास के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसका पति और सास ने उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे जबरन लहसुन-प्याज का बना खाना खिलाया, जबकि वह स्वामीनारायण संप्रदाय की अनुयायी है। आरोप है कि जब उसने वह खाना खाने से इनकार कर दिया तो उसके पति ने उसके साथ खूब मारपीट की।
शिकायत को सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान
थाने में आई इस अजीब शिकायत को सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान हैं। मामले की जांच कर रही संतेज पुलिस को पीड़िता ने बताया कि चार साल पहले उसने अपने भाई के एक दोस्त से शादी की थी। पीड़िता के अनुसार उसका पति एक पान की दुकान करता है, जबकि वह खुद एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। पीड़िता ने बताया कि पिछले कुछ समय से उसका पति और सास उसको लहसुन-प्याज से निर्मित खाना खिलाने की जबरदस्ती कर रहे थे। महिला द्वारा खाना खाने से इनकार करने पर उसकी पिटाई की जाती थी। यहां तक कि पीड़िता को अपने मायके वालों से बात करने की भी अनुमति दी गई थी।
सास और पति के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने उसकी सास और पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, घरेलू हिंसा और मारपीट करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस इस मामले में सच्चाई का पता लगाने का प्रयास कर रही है।