
नई दिल्ली। कठुआ गैंगरेप केस में सवालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। स्थानीय लोग एसआईटी के उस दावे पर भी सवाल उठा रहे हैं जिसमें बच्ची को अगवा करने के बाद 10 से 17 जनवरी तक देवीस्थान यानी मंदिर में रखने की बात कही गई थी। लेकिन रसना गांव के रहने वाले शख्स श्यामलाल ने इस पर सवाल उठाए हैं। अब तक चुप रहने के सवाल पर श्यामलाल ने यह भी कहा कि एसआईटी ने उनसे पूछताछ ही नहीं की।
...ये है श्यामलाल का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक में श्यामलाल का कहना है कि एसआईटी ने 10 से 17 जनवरी तक बच्ची को देवीस्थान पर कैद रखे जाने की बात कही है, जबकि 13 जनवरी की सुबह उन्होंने खुद पूरे देवीस्थान की सफाई की थी। इसके बाद 14 जनवरी को वहां भंडारा भी हुआ था। जम्मू में नौकरी करने वाले श्यामलाल का कहना है कि पिछले 18 सालों से वे जब भी गांव में होते हैं देवीस्थान की सफाई जरूर करते हैं। 13 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार होने के चलते उन्होंने शनिवार को ही सफाई की थी। उनका सवाल है कि इस सबके बावजूद यह कैसे कहा जा रहा है कि देवीस्थान पर लड़की को बेहोशी की हालत में कैद करके रखा गया था।
एसआईटी की रिपोर्ट में और क्या-क्या?
सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच कर रही एसआईटी ने कहा था कि बच्ची को नशे की दवा खिलाकर बेहोशी की हालत में देवीस्थान के भीतर छिपाकर रखा गया था। खि़ड़कियों से किसी की नजर ना पड़े इसलिए बच्ची के ऊपर दरी डाल दी जाती थी। आपको बता दें कि रसना गांव की इस घटना पर दुनियाभर में विरोध का सिलसिला जारी है। लगातार इस मामले में नए-नए सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में श्यामलाल के दावे से एसआईटी की जांच पर भी सवाल उठना तय है। मामले में प्रधानमंत्री से लेकर आईएमएफ प्रमुख तक के बयान आ चुके हैं।