
Maharashtra Jalgaon News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जामनेर तहसील में ट्रैक्टर का किराया नहीं चुकाने के विवाद को लेकर एक 30 वर्षीय विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर फत्तेपुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हैवानियत की हद पार करने वाली इस घटना से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति ने खेती के काम के लिए परिचित व्यक्ति से किराए पर ट्रैक्टर लिया था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का करीब 1 लाख रुपये किराया बकाया था। आर्थिक तंगी के कारण पीड़िता का पति पैसे नहीं दे पा रहा था।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने किसान की पत्नी को उस समय निशाना बनाया, जब वह घर पर अकेली थी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि चारों आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और उसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मुंह बंद रखने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फत्तेपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे। आरोपियों में से एक ट्रैक्टर किराए पर देने का व्यवसाय करता है।
पुलिस अब सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जलगांव के जामनेर तहसील में एक महीने के भीतर सामूहिक दुष्कर्म की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।