क्राइम

बिहार में दिल्ली जैसी दरिंदगी, AC बस में नाबालिग से गैंगरेप, हालत गंभीर, ड्राइवर व खलासी गिरफ्तार

बिहार के बेतिया ने एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक एसी बस में नाबालिग बच्ची के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपी बस के ड्राइवर और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। वही पीड़िता की हालत गंभीर है, उसका इलाज चल रहा है।  
2 min read
gang_rape_in_bus_bihar.jpg
Minor Girl Gang Raped in a Bus in Bettiah Bihar 2 arrested

दिल्ली के बहुचर्चित निर्भया गैंगरेप जैसा एक मामला अब बिहार से सामने आया है। यहां 16 साल की एक नाबालिग बच्ची से एसी बस में गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस की सुरक्षा में उसका इलाज जारी है। दूसरी ओर पुलिस ने मामले में अभी तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उस एसी बस को भी जब्त कर लिया है। जिसमें पीड़िता के साथ दरिंदगी हुई।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बेतिया बस स्टैंड से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई। पीड़िता मंगलवार दोपहर मोतिहारी से बेतिया (चनपटिया) लौट रही थी। इसी दौरान बस के कंडक्टर ने उसे नशा देकर बेहोश कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि देर शाम बेतिया बस स्टैंड आने के बाद बस से सारे यात्री उतर गए। लेकिन बेहोश होने के कारण वो बस में रह गई। इसके बाद बस ड्राइवर गाड़ी लेकर स्टैंड से करीब 100 की दूरी पर सुनसान जगह ले गया। जहां सड़क किनारे बस में उसके साथ दरिंदगी की गई।

मामले में पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार स्टैंड से 100 मीटर दूर बस खड़ी कर ड्राइवर, खलासी समेत 3 लोगों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से रेप किया। जब पीड़िता बेहोश हो गई तो तीनों उसे बस में ही छोड़कर भाग निकले। घटना की जानकारी तब सामने आई जब देर शाम बस के बगल से गुजर रही पुलिस की गश्ती गाड़ी ने संदेह होने पर बस की तलाशी ली। जवानों ने बस में लड़की को गंभीर हालत में पाया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए।

अस्पताल में होश आने पर लड़की ने आपबीती सुनाई। मामले में बेतिया सदर एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय ने बताया कि लड़की का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने रात में छापेमारी कर आरोपी ड्राइवर और खलासी को हिरासत में ले लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
08 Jun 2022 10:11 am