क्राइम

मसूरी होमस्टे केस: पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी नहीं खुला राधा की मौत का राज, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

Mussoorie Homestay P Radha Gayatri Death: उत्तराखंड के मसूरी स्थित होमस्टे में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ, जबकि पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
2 min read
Jul 08, 2026
Mussoorie homestay woman death
मसूरी होमस्टे में महिला की रहस्यमयी मौत, पोस्टमार्टम से नहीं खुला राज (Photo: X/@raviprakash)

Woman Found Dead in Mussoorie Homestay: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी स्थित एक होमस्टे में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद यह फैसला लिया गया। मृतका की पहचान आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम निवासी पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है। यह घटना 15 जून को मसूरी-धनोल्टी रोड स्थित एक होमस्टे में हुई थी।

आईटी प्रोफेशनल पी. राधा गायत्री की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और उलझ गई है, क्योंकि डॉक्टर मौत के सटीक कारणों का पता नहीं लगा सके हैं। इसके बाद पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। मसूरी के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) राहुल आनंद को इस पूरे मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी या सबूत हो तो वे 17 जुलाई तक एसडीएम कार्यालय में जमा करा सकते हैं।

पिता की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

महिला के पिता ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। उनकी शिकायत के आधार पर मसूरी पुलिस ने मृतका के पति चरण सोमयाजुलु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 जून की सुबह इमरजेंसी हेल्पलाइन के जरिए सूचना मिली थी कि मसूरी-धनोल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे में अपने पति के साथ ठहरी एक महिला अचेत पड़ी है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नग्न हालत में मिला था शव, खून के निशान और शराब की बोतलें बरामद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की देर रात होमस्टे में रुके थे। पूछताछ में पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब पी थी। इसके बाद वे सो गए। सुबह उठने पर उसने पत्नी को नाक से खून बहते हुए देखा।

पुलिस के अनुसार, महिला का शव कमरे के फर्श पर नग्न अवस्था में मिला। कमरे से बिस्तर पर खून के धब्बे, दो खाली शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ। दोनों आईटी पेशेवर थे और उनकी शादी नवंबर 2025 में हुई थी।

फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने के कारण महिला के विसरा को सुरक्षित रखा गया है। अब इनकी फॉरेंसिक और टॉक्सिकोलॉजी जांच कराई जाएगी, जिससे यह पता लगाया जा सके कि मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं।

मृतका के पिता पी. सुधाकर ने पिछले महीने इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा था, "मुझे उस व्यक्ति को पकड़ना है जिसने मेरी बेटी की हत्या की। किसी को नहीं पता कि वह कहां फरार हो गया है। यहां तक कि पुलिस के पास भी उसका कोई सुराग नहीं है।"

Updated on:
08 Jul 2026 09:30 pm
Published on:
08 Jul 2026 09:30 pm