Highlights: -15 साल का किशोर गिरफ्तार -लड़की की तलाश में पुलिस दे रही दबिश -आरोपी छात्र से पूछताछ कर रही पुलिस
मेरठ। फ्लैट में एक लड़की के साथ रेप का वीडियो वायरल हुआ है। रेप करने वाला 15 साल का किशोर है। लड़की कोलकाता की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, मामला थाना ब्रहमपुरी क्षेत्र की पॉश कालोनी सुपरटेक ग्रीन विलेज का है। जहां पर कोलकाता की एक लड़की के साथ 15 साल के किशोर छात्र ने अपने दोस्त के साथ रेप किया। रेप का वीडियो बनाकर उसको सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने रेप के आरोपी 15 साल के किशोर को गिरफ्तार किया है। वीडियो में दिख रहा किशोर हाईस्कूल का छात्र बताया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र से लड़की के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वो कोलकाता की रहने वाली है।
आरोपी छात्र ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त उसे फ्लैट पर लेकर गया था। यह फ्लैट शास्त्रीनगर निवासी एक व्यक्ति का बताया गया है जो अस्पतालों की मशीनों के पार्ट्स सप्लाई करता है। पुलिस फ्लैट पर पहुंची लेकिन यहां कोई नहीं मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी को लड़की की वीडियो वायरल होने की खबर मिल गई थी। इसलिए वह लड़की को एक दिन पहले ही यहां से कहीं और ले गया।
पड़ोसियों ने बताया कि यह लड़की करीब आठ माह से यहां पर है और कोलकाता की रहने वाली है। फ्लैट में चल रहीं गतिविधियां संदिग्ध हैं। फिलहाल पुलिस, आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर रही है। पुलिस कोलकाता की लड़की की तलाश कर रही है। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इस बारे में सीओ ब्रहमपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के मुताबिक लड़की को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा। फ्लैट मालिक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।