क्राइम

कागज और कलम थामने वाला टीचर कुल्हाड़ी लेकर बीआरसीसी को मारने पहुंचा

Feb 11, 2026
स्टेशन रोड पुलिस ने दर्ज किया केस, पूर्व में भी डीपीसी और बीआरसीसी के घर जाकर धमका चुका है आरोपी
स्टेशन रोड पुलिस ने दर्ज किया केस, पूर्व में भी डीपीसी और बीआरसीसी के घर जाकर धमका चुका है आरोपी

रतलाम. स्कूल की कक्षा में कलम लेकर पढ़ाने वाला शिक्षक हाथ में हथियार लेकर किसी को मारने के लिए पहुंच जाए तो वर्तमान टीचरों की मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसा एक बार नहीं वरन बार-बार कोई टीचर करे तो उसकी मानसिकता आपराधिक किस्म की ही हो सकती है। ऐसा ही रतलाम विकासखंड के एक टीचर की देखने में आई है। यह टीचर बार-बार अपने अधिकारियों को धमकाने, उन पर हथियार लेकर दहशत फैलाने में लगा हुआ है। पहले इनके घरों पर जाकर धमकाया और अब कार्यालय में ही कुल्हाड़ीलसेकर पहुंचा और मारने के लिए धमकाने लगा। यह तो अच्छा हुआ कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे रोक लिया और जिसे मारने आया था वह अपने चैंबर में चला गया वरना कोई बड़ी घटना होने से रोका नहीं जा सकता था।

ऐसा ही घटनाक्रम जिला शिक्षा केंद्र परिसर स्थित विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक (बीआरसीसी) कार्यालय में मंगलवार को उस समय सामने आया जब निलंबित एक टीचर बाइक से पहुंचा और अपनी बाइक के झोले में रखी कुल्हाड़ी लेकर गाली गलौच करने लगा। इससे वहां हडक़ंपमच गया। निलंबित टीचर कुल्हाड़ी लेकर विकासखंड स्रोत केंद्र समन्यक(बीआरसीसी) विवेक नागर को धमकाने पहुंच गया। वह बाइक के झोले में कुल्हाड़ी लिए हुए था और जैसे ही वहां पहुंचा तो उसने कुल्हाड़ी निकाली और अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए हंगामा कर दिया। लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। बाद में बीआरसीसी नागर ने स्टेशन रोड थाने में आरोपी टीचर दिलीप राठौड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दोपहर सवा दो बजे का घटनाक्रम

जिला शिक्षा केन्द्र परिसर स्थित बीआरसीसी कार्यालय में बीआरसीसी विवेक नागर व अन्य कर्मचारी थे। नागर ने बताया कि वह जिला शिक्षा केंद्र में एपीसी के साथ ही बीआरसीसी भी है। मंगलवार दोपहर करीब 2.20 बजे परिसर में खड़ा था। इसी दौरान दिलीप राठौर कुल्हाड़ी लेकर आया और दूर से अश्लील भाषा का उपयोग करते हुए पास आने की कोशिस करने लगा। उसका वीडियो बनाया तो वह और भी ज्यादा उग्र हो गया। उसका कहना था कि मैं प्रभारी डीपीसी राजेश झा के केस में गवाही देने क्यों गया था। मैंने कहा कि मेरी कोई गवाही नहीं है। इसके बाद दिलीप राठौर कुल्हाड़ी लेकर मारने दौड़ा तो मैं भागकर आफिस के कमरे में चला गया।

अन्य कर्मचारियों ने भी समझाया

बीआरसीसी परिसर में खडे विशाल सिंह और चतुर्थ श्रेणी गोपाल शर्मा भी वहां मौजूद थे। उन्होंने घटना देखी और बीच बचाव कर दिलीप को परिसर से बाहर भेजा। दिलीप राठौर पूर्व में प्राथमिक स्कूल में पदस्थ था और इन्होंने पूर्व में राजेश झा के साथ मारपीट की थी। इसका वर्तमान में कोर्ट में केस चल रहा है।

दो बार घर पर भी धमका चुका

बीआरसीसी नागर के घर जाकर भी यह व्यक्ति धमकी दे चुका है। इसके अलावा प्रभारी डीपीसी के घर के बाहर भी इसने हथियार लेकर धमकाने का प्रयास किया। इन दोनों ही मामलों में पहले भी उसके खिलाफ थानों में केस दर्ज है। इसके अलावा कार्यालय में भी धमकाने का केस पुलिस में पंजीबद्ध कराया जा चुका है।

अभी निलंबित है टीचर

वर्तमान में आरोपी टीचर अपने पूर्व में किए गए उत्पाद की वजह से विभाग से निलंबित चल रहा है। वह कई बार ऐसी घटनाएं कर चुका है जब उसका आचरण शासकीय नियमों के विरुद्ध पाया गया है। इसके बाद भी वह बार-बार इस तरह की हरकत करने से बाज नहीं आ रहा है।

Updated on:
11 Feb 2026 11:12 am
Published on:
11 Feb 2026 11:12 am