क्राइम

हरियाणा में राजस्थान के दो मुस्लिम युवकों का कंकाल बरामद, बजरंग दल पर गाड़ी में जिंदा जलाने का आरोप

Two Muslim youth Burnt in Bhiwani: हरियाणा के भिवानी जिले में राजस्थान के दो मुस्लिम युवकों को गाड़ी सहित जिंदा जला दिया गया। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद ही इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों युवकों के परिजनों ने बजरंग दल वालों पर अगवा कर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Feb 2023, 11:22 AM IST
bhiwani_case.jpg
Two Skeletons Found in Burnt Bolero in Bhiwani People of Bajrang Dal Accused of Murder

Two Muslim youth Burnt in Bhiwani: हरियाणा के भिवानी जिले में एक जली हुई बोलरो में दो युवकों का नरकंकाल मिला है। नरकंकाल राजस्थान के दो मुस्लिम युवकों का बताया जा रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस के साथ-साथ FSL की टीम मामले की छानबीन में जुटी है। जिंदा जलाए गए दोनों युवकों की पहचान राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले जुनैद और नासिर के रूप में हुई है। दोनों मवेशियों की खरीद-बिक्री के धंधे से जुड़े थे। दोनों के परिजनों ने आरोप लगाया कि बजरंग दल वालों ने दोनों को अगवा कर जिंदा जला दिया। इस मामले में बजरंग दल से जुड़े पांच लोगों पर हत्या के केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। कहा जा रहा है कि गो-तस्करी से जुड़े होने के कारण दोनों को हिंदूवादी संगठन के लोगों ने जिंदा जला दिया।


भिवानी के लोहारू में सुनसान रास्ते पर मिला बोलेरो


हरियाणा में भिवानी जिले के लोहारू में सुनसान रास्ते में एक बोलेरो जली हुई हालत में मिली। बोलेरो में 2 युवकों के नरकंकाल मिले। बाद में पुलिस की छानबीन में यह बात सामने आई कि दोनों युवक राजस्थान के रहने वाले थे। परिवार का आरोप है कि बजरंग दल वालों ने उन्हें किडनैप करके जिंदा जला दिया। बुरी तरह जली गाड़ी के भीतर दोनों के शव कंकाल बन चुके थे।

भरतपुर पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे दोनों

दोनों युवक राजस्थान के भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बुधवार को गोपालगढ़ थाना (भरतपुर) में दोनों की गुमशुदगी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस्माइल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे चचेरा भाई जुनैद और नासिर अपनी बोलेरो कार एचआर 28 ई 7763 से अपने काम से बाहर गए थे। इसके बाद वापस नहीं आए।


8-10 लोगों ने बुरी तरह मारा और बोलरो में डालकर ले गए

जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे एक चाय की दुकान पर उसे किसी अजनबी ने बताया कि सुबह 6 बजे दो युवक एक बोलेरो में गोपालगढ़ थाना के पीरूका गांव के जंगल से जा रहे थे, जिन्हें 8-10 लोगों ने बुरी तरह मारा और घायल हालत में उन्हीं की बोलेरो में डालकर ले गए। इस्माइल ने बताया कि इसके बाद मैंने जुनैद और नासिर को फोन लगाया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद थे।


बजरंग दल से जुड़े लोगों पर हत्या का केस दर्ज


इस्माइल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि पीरूका गांव में पूछताछ की तो पता चला कि 8-10 लोगों ने दोनों से मारपीट की, फिर उन्हीं की बोलेरो में किडनैप कर ले गए। इस्माइल ने अपनी शिकायत में बजरंग दल से जुड़े अनिल, श्रीकांत, रिंकू सैनी, लोकेश सिंगला निवासी मानेसर पर आरोप लगाए हैं। जुनैद और नासिर दोनों दोस्त थे और घाटमिका गांव के रहने वाले थे। जुनैद और नासिर शादीशुदा थे। जुनैद के छह बच्चे हैं, जबकि नासिर के कोई बच्चा नहीं है।


मामले में पुलिस ने क्या दी जानकारी

मामले में लोहारू के डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि ग्रामीणों के जरिए डायल 112 पर सूचना मिली थी कि गांव बारवास में एक जली हुई गाड़ी खड़ी है। मौके पर पुलिस पहुंची तो पाया कि गाड़ी के अंदर 2 लोगों के कंकाल हैं। डीएसपी ने बताया कि गाड़ी का चेसिस नंबर लिया गया है। इसके आधार पर गाड़ी के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले की छानबीन जारी है।

यह भी पढ़ें - भिवानी केस में STF गठित, ओवैसी बोले- मुजरिम जाने-माने गौ रक्षक, आरोपी ने कही ये बात

Updated on:
17 Feb 2023, 11:22 AM IST
Published on: