अगवा नागरिकों की पहचान फारूक अहमद, शाहिद अहमद और राजा के रूप में हुई है।
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन नागरिकों को अगवा कर लिया। अगवा नागरिकों की पहचान फारूक अहमद, शाहिद अहमद और राजा के रूप में हुई है, जिन्हें सदपोरा पयीन गांव की एक बेकरी की दुकान के पास से अगवा कर लिया गया।
किशोर की हत्या
गुरुवार को भी किशोर नदीम मंजूर और शाहिद का अपहरण किया गया था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को एक किशोर नदीम मंजूर जिसका अपहरण भी शोपियां से किया गया था, उसकी पुलवामा जिले में हत्या कर दी गई। खबरों के मुताबिक दो लोगों को अगवा किया गया था। रात आतंकियों ने नदीम मंजूर और शाहिद अहमद डार को सफनगरी शोपियां से अगवा किया, जिसके बाद दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के सफनगरी इलाके के निवासी नदीम मंजूर का शव गोलियों से छलनी हुआ मिला। अभी शाहिद का पता नहीं चल पाया है।
राज्य में हो रहे है पंचायत चुनाव
शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर में पंचायत चुनाव का आगाज हुआ। राज्य में पंचायत चुनाव नौ चरणों में संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों के अनुसार पहले चरण के चुनाव में 536 सरपंच हलकों के लिए 427 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 4048 पंच वार्डों के लिए 5951 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस दौरान सुरक्षा-व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। यह चुनाव कश्मीर घाटी के 6 जिलों, लद्दाख के 2 जिलों और जम्मू संभाग के 7 जिलों में संपन्न कराया जाएगा।
वोट देने के लिए सुबह से ही लोग लाइन में लग गए थे। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पंचायत चुनाव के पहले चरण के चुनाव 17 नवम्बर को और आखिरी चरण के लिए मतदान 11 दिसम्बर को होंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। यहां पिछली बार घाटी में पंचायत चुनाव 2011 में हुए थे। गौरतलब है कि हाल ही में स्थानीय शहरी निकायों के लिए चुनाव चार चरणों में आयोजित हुए थे और इसके परिणाम 20 अक्टूबर को घोषित किए गए थे।