डबरा

Dabra News: ‘गोली खाने से मौत’ बताकर पति ने छिपाया राज, तकिए पर मिले खून के धब्बों ने खोला पत्नी की हत्या का सच

Dabra News: डबरा में पत्नी की मौत के बाद पति ने पुलिस को दवा की गोली खाने की बात बताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कमरे में मिले सबूतों ने पूरी कहानी ही बदल दी।
2 min read
Jul 21, 2026
dabra wife murder case husband arrested character doubt
Dabra Murder Case: पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, पुलिस को कर रहा था गुमराह (फोटो सोर्स- Patrika)

Dabra Murder Case: मध्य प्रदेश से एक और ऐसी घटना सामने आई है जिसने शादी के पवित्र बंधन को तार-तार कर दिया है। पत्नी की रहस्यमई मौत के बाद पति ने पुलिस को पहले बताया कि 'गोली खाने की वजह से उसकी अर्धांग्नी की मौत हुई है। हालांकि, जब पुलिस ने जांच की तो चौंकानें वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि जो पति पत्नी की मौत के बाद आंसू बहा रहा था, वही उसका हत्यारा निकला।

बता दें कि ग्वालियर जिले के डबरा में पत्नी की हत्या के मामले में जांच उपरांत सिटी थाना पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर में तकिए से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या करना कबूल किया है। 16 जुलाई को महिला की तबीयत खराब होने से मौत का होना सामने आया था।

तबियत खराब होने पर दवा खाने की बात कही

पुलिस को 16 जुलाई को रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाली गीता पत्नी धर्मेंद्र जाटव की अचानक तबीयत खराब होने से मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पति धर्मेंद्र ने बताया कि तबीयत खराब होने पर गोली खाई थी और जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने का कारण सामने आया। जिसे लेकर पुलिस ने जांच शुरू की।

तकिए पर मिले खून के धब्बों ने खोला सच

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो तकिए पर खून के धब्बे मिले, जिससे पुलिस का शक पति पर गहरा गया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच में सामने आया कि घटना के समय कमरे में महिला का पति और उसके छोटे बच्चे ही मौजूद थे। कोई बाहर से भी नहीं आया था। पुलिस ने धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका थी। घटना वाली रात शराब के नशे में विवाद हुआ और उसने तकिए से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।

साक्ष्य के आधार पर किया मामला दर्ज

सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि जांच में उसके अलावा उस दिन कोई भी बाहर से नहीं आया था। साक्ष्य के आधार पर पति हत्या का आरोपी पाया गया। धर्मेंद्र जाटव के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Updated on:
21 Jul 2026 04:57 pm
Published on:
21 Jul 2026 04:56 pm