
Dabra School Bus Firing- डबरा में ग्लोरीयस स्कूल की बस और उसमें सवार बच्चे। (फोटो-AI जनरेटेड)
Dabra School Bus Firing- मध्यप्रदेश के डबरा में शनिवार सुबह ग्लोरीयस स्कूल के बस चालक को गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब बस में करीब 50 बच्चे सवार थे और स्कूल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़ी कार को हटाने के विवाद में यह फायरिंग की गई। ड्राइवर को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
डबरा के टेकनपुर के ग्लोरीयस स्कूल की बस पर शनिवार सुबह फायरिंग हुई है। पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर खड़ी कार को हटाने के विवाद पर बस चालक खेम सिंह को गोली मार दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल ड्राइवर को ग्वालियर के अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह वारदात उस समय हुई जब बस में 50 बच्चे सवार थे और बस चालक स्कूल लेकर जा रहा था। रास्ते में खड़ी एक कार को हटाने का कहा, तो कार चालक पेट्रोल खत्म होने का बहाना करता रहा और हटाने से इनकार करता रहा। बस चालक ने जब कार को धक्का देकर साइड करने का सुझाव दिया तो कार चालक आगबबूला हो गए। इस बीच कहा-सुनी होने लगी और कार चालक ने बस के ड्राइवर को बेरहमी से पीटा और चार राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे लगने से चालक खेम सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बस के अंदर मौजूद करीब 50 मासूम बच्चे गोलियों की आवाज और मारपीट देख सहम गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
स्कूल बस के ड्राइवर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए थे। यह विवाद देख रहे लोगों ने बताया कि आरोपी की कार पर ‘गुर्जर’ लिखा हुआ था। कार में एक से अधिक लोग सवार थे और घटना के बाद यह लोग भाग निकले। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
Updated on:
12 Sept 2026 11:45 am
Published on:
12 Sept 2026 11:36 am
