डबरा

भाजपा में सब ठीक नहीं ! गृहमंत्री नरोत्तम के गढ़ में सिंधिया समर्थक ने मारी सेंध

ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक इमरती देवी डबरा जनपद के 25 में से 18 सदस्यों को लेकर दिल्ली में जमीं..
2 min read
• •
Updated: 27 Jul 2022, 3:43 PM IST
narottam_mishra.jpg

डबरा. क्या मध्यप्रदेश भाजपा में कोल्ड वॉर चल रहा है ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गढ़ में भाजपा की ही एक नेता ने सेंधमारी की है। मामला ग्वालियर जिले की डबरा जनपद का है जहां गुरुवार को होने वाले जनपद अध्यक्ष चुनाव से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक इमरती देवी 25 में से 18 सदस्यों को लेकर दिल्ली में डटी हुई हैं और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दिल्ली स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकत भी की जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया था।

नरोत्तम के गढ़ में इमरती ने की सेंधमारी
डबरा जनपद पंचायत मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का गृह नगर है और कुछ समय पहले तक ये गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के कोटे में ही माना जाता था। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की कट्टर समर्थक और लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी ने इस बार मिश्रा के गढ़ में सेंध मार दी है। वो डबरा जनपद के 25 में से 18 जनपद सदस्यों को साथ लेकर दिल्ली पहुंच गई हैं और वो जिसे चाहेंगीं वही डबरा का नया जनपद अध्यक्ष बनेगा। डबरा जनपद अध्यक्ष का पद इस बार सीट अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित है। बता दें कि पहले नरोत्तम मिश्रा के समर्थक रामेश्वर तिवारी का नाम जनपद अध्यक्ष के लिए सामने आया था।

ये हो सकते हैं दावेदार
कुछ दिन पहले तक जहां नरोत्तम मिश्रा के समर्थक रामेश्वर तिवारी का नाम जनपद अध्यक्ष के लिए सामने आ रहा था वहीं अब पूरी तरह से गणित बदल चुके हैं और इमरती देवी के समर्थक का अध्यक्ष बनना तय है। इमरती देवी के समर्थक प्रवेश मेहताब गुर्जर और वृंदावन बघेल का नाम अभी अध्यक्ष पद के लिए सामने आ रहा है हालांकि दोनों में से कौन जनपद अध्यक्ष बनेगा इसका फैसला गुरुवार को हो जाएगा।

भितरवार में भाजपा समर्थित अध्यक्ष
वहीं अगर डबरा की भितरवार जनपद पंचायत की बात करें तो यहां पर बुधवार को हुए जनपद अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार लक्ष्मीनारायण सिंह ने जीत दर्ज की है। लक्ष्मी नारायण सिंह ने 4 वोटों से जीत हासिल की है और भितरवार जनपद पंचायत के नए अध्यक्ष बन गए हैं।

Published on: