
सागर/ बीना. भले ही चुनाव खत्म हो गए और परिणाम भी घोषित हो चुके हैं लेकिन चुनाव में शुरु हुई रंजिश अभी खत्म नहीं हुई है। रोजाना चुनावी रंजिश के चलते प्रदेश के अलग अलग हिस्सों से मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला बीना का है जहां नवनिर्वाचित पार्षद के बेटे का चुनाव में हारी प्रत्याशी के परिवार के साथ मारपीट करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। घटना शनिवार की बताई जा रही है जब नवनिर्वाचित पार्षद का बेटा जो कि पूर्व पार्षद है निर्दलीय प्रत्याशी के घर पहुंचा और जमकर मारपीट की।
मारपीट करते वीडियो वायरल
शनिवार को भगत सिंह वार्ड पार्षद मधुलिका यादव के बेटे पूर्व पार्षद आकाश यादव का मारपीट करते वीडियो वायरल हुआ है। जानकारी के अनुसार चुनावी रंजिश के चलते पूर्व पार्षद आकाश शनिवार को निर्दलीय प्रत्याशी ममता यादव के घर पहुंचा था। जहां किसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने ममता यादव, उनके बेटे राजा यादव, हर्षिता यादव, शालिनी यादव के साथ मारपीट की। जिस वक्त मारपीट की जा रही थी तभी मौके पर मौजूद किसी ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया जिसमें पूर्व पार्षद आकाश निर्दलीय प्रत्याशी व उसके बेटे के साथ ही परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहा है।
थाने पहुंचा मामला
मारपीट की घटना होने के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। निर्दलीय पार्षद की ओर से आरोप लगाते हुए बताया गया है कि चुनाव के दौरान आकाश नामांकन पत्र वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था और जब नामांकन वापस नहीं लिया तो देख लेने की धमकी दी थी और अब घर पर आकर मारपीट की है। वहीं दूसरी तरफ आकाश का आरोप है कि कई दिनों से दूसरे पक्ष के लोग विवाद करने के लिए उतारू थे। पुलिस का कहना है कि दोनो पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Published on:
24 Jul 2022, 8:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.