डबरा

एमपी में नहीं चला विधायक का ‘पावर’, गाड़ी का कटा 10 हजार रुपये का चालान

mp news: मजिस्ट्रेट की चेकिंग में विधायक की गाड़ी पर लगे हूटर को उतरवाया गया और 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
2 min read
Mar 25, 2026
dabra
congress mla suresh raje car fined 10000 Rs for hooter

mp news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में वाहन चेकिंग के दौरान विधायक का पावर काम नहीं आया और उनकी गाड़ी पर लगे हूटर के कारण 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। दरअसल सिविल लाइन के चार जज खुद दो जगहों पर वाहन चेकिंग करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान विधायक की गाड़ी वहां से गुजरी तो गाड़ी पर लगे हूटर को देखकर चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रुकवाया। विधायक से हूटर को लेकर सवाल जवाब किया गया तो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए जिसके बाद गाड़ी से हूटर को हटवाकर 10 हजार रुपये का चालान काटा गया।

कांग्रेस विधायक की गाड़ी का कटा चालान

डबरा में न्यायाधीश देवांश अग्रवाल, सृष्टि शाह, राजेश्वरी जर्मन और आयुषी अग्रवाल ने एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार और तीन थानों की पुलिस बल के साथ दो जगह वाहन चैकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पिछोर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान वहां से गुजर रही डबरा से कांग्रेस विधायक सुरेश राजे की गाड़ी को भी रोका गया। गाड़ी में खुद विधायक बैठे हुए थे और गाड़ी पर हूटर लगा हुआ था। जब मजिस्ट्रेट ने विधायक सुरेश राजे से गाड़ी पर हूटर लगाने को लेकर सवाल-जबाव किए तो विधायक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए जिसके कारण मौके पर ही विधायक की गाड़ी से हूटर उतरवाया गया और हूटर लगाने के कारण 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक विधायक सुरेश राजे सड़क पर ही खड़े रहे।

मजिस्ट्रेट चेकिंग के कारण बचते दिखे लोग

इस दौरान पिछोर तिराहे और सिंधिया चौराहे के पास जहां मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान कई वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच कर चालानी कार्रवाई की गई तो वहीं कई लोग चेकिंग को देखकर अपने वाहन लेकर बचने के लिए वापस भागते दिखे। कई लोगों ने चालानी कार्रवाई से बचने के लिए अपने रास्ते ही बदल लिए। दोनों जगहों पर चेकिंग के दौरान करीब 40 वाहनों से 60 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही हिदायत दी कि नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं और गाड़ियों के दस्तावेज, बीमा कंपलीट रखें।

एक कार में मिली अवैध शराब

इधर पिछोर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक कार से अवैध शराब भी बरामद हुई। कार डबरा की तरफ से आ रही थी और जब उसे रोककर तलाशी ली गई तो कार की डिग्गी में अवैध रूप से शराब की तीन पेटियां मिलीं। पुलिस ने अवैध शराब की पेटियों को जब्त कर वाहन चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

Published on:
25 Mar 2026 08:07 pm