डबरा

डबरा में 15 दिनों से खाना नही खा रही थी सपना, धमकियों से थी परेशान, क्यों नहीं बोल पाई दिल की बात !

Crime news: मानसिक तनाव से ग्रस्त सपना हम सबको छोड़कर चली गई। वही करीबी रिश्तेदार युवक द्वारा शादी के दबाव की धमकियों से कई दिनों से परेशान थी।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 1:11 PM IST
सपना का फोटो, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
सपना का फोटो, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Dabra news:मध्यप्रदेश के डबरा में मानसिक रूप से परेशान हो चुकी सपना ( परिवर्तित नाम) ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस मामले में जांच में खुलासा हुआ है कि सपना बीते कई दिनों से परेशान चल रही थी। उसने कई दिनों से लोगों से बातचीत करना भी बंद कर दिया था। सपना की मां के अनुसार लगातार मिल रही धमकियों से वह मानसिक तनाव में थी। पिछले करीब 15 दिनों से उसने ठीक से खाना तक नहीं खाया था। मां ने बताया कि शाम करीब पांच बजे वह बेटी को समझाने पहुंची थी। इसी दौरान तनाव और डर से आहत सपना ने खुद को खत्म कर लिया। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

क्यों परेशान थी सपना

बीते कई दिनों से सपना को गांव में रहने वाला एक रिश्तेदार युवक कई दिनों से परेशान कर रहा था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह लगातार फोन पर सपना को आपत्तिजनक फोटो व रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकियों से परेशान चल रही थी। सपना के परिवार वालों ने भी बताया कि नयागांव निवासी रिश्तेदार का बेटा पिछले छह-सात महीने से उसे फोन पर परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक शादी के लिए दबाव बनाता था और परीक्षा देने इटावा जाने पर रास्ते से उठा ले जाने की धमकी भी देता था। आपत्तिजनक फोटो और रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।

मन की बात शेयर नही कर पाई

इस पूरे मामले में सपना किसी से अपने दिल की बात नहीं बोल पाई और दुनिया से चली गई। एक्सपर्ट का कहना है कि कई बार युवावस्था में धमकी और ब्लैकमेलिंग का सामना करने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ सकता है। उसे हर समय यह डर सताता है कि कहीं उसकी निजी बातें या तस्वीरें सार्वजनिक न हो जाएं। इसके साथ ही परिवार की बदनामी, लोगों के सवालों और परिजनों की संभावित प्रतिक्रिया का डर भी मन में बैठ सकता है। यही सपना के साथ भी हुआ। कई बार पीड़ित व्यक्ति खुद को ही दोषी मानने लगता है, जबकि गलती उसकी नहीं होती ।

ऐसी स्थिति में व्यक्ति अपनी परेशानी बताने के बजाय उसे छिपाने लगता है। उसे लगता है कि कोई उसकी बात नहीं समझेगा या बताने से समस्या और बढ़ जाएगी। लगातार तनाव के कारण नींद, भूख, एकाग्रता और सामान्य व्यवहार प्रभावित हो सकते हैं। बातचीत बंद करना, लोगों से दूरी बनाना और अकेले रहना इसी मानसिक दबाव के संकेत हो सकते हैं। अगर सपना अपने दिल की बात किसी से शेयर कर लेती तो आज वो हमारे बीच होती।

पुलिस ने दर्ज किया केस

थाना प्रभारी का कहना है कि छात्रा का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
27 Nov 2026, 1:11 PM IST
Published on: