
Damoh Crime News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में शनिवार सुबह एक ही परिवार के महिला और उसके तीन छोटे बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात पूरा परिवार साथ में सोया था। सुबह बिस्तर पर पत्नी और तीन बच्चों की सांसें थमी मिली। पति हाथ में संदिग्ध वस्तु लेकर घर के बाहर तब तक बैठा रहा जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पति द्वारका पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मामला चरित्र संदेह और आर्थिक तनाव से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की है।
मृतकों की पहचान खेमा बाई (27), उर्मिला (7), उमेश (4) और राजा पटेल (1) के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद मगरोन थाना पुलिस और दमोह एसपी आनंद कलादगी घटनास्थल पर पहुंचे।
एसपी आनंद कलादगी के अनुसार पति-पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। पत्नी की ओर से मगरोन थाने में धारा 498 के तहत मामला दर्ज कराया गया था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी के पिता आरोपी को समझाने के लिए गांव पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक रात में विवाद के बाद पत्नी और बच्चे सो गए। इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी पति ने घटना को अंजाम दिया और फिर घर के बाहर जाकर बैठ गया।
घटना की सूचना सुबह करीब 6 बजे पुलिस को मिली। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से आईजी, डीआईजी और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। घटनास्थल का फॉरेंसिक परीक्षण होने के बाद मृतक खेमा बाई समेत उनके तीन बच्चों को पीएम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के कारणों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है।