
Dahon Congress Protest: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा में भारतीय लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार 8 अक्टूबर को काला दिवस मनाते हुए नगर के बड़ा बाजार में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके पुतलों का दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने से पुतले छीनकर दहन रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी एवं धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी के दोनों हाथ झुलस गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के प्रयास के बावजूद एक के बाद एक तीनों पुतलों का दहन किया। पुतले छीनने के दौरान हुई झूमाझटकी के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हटा अध्यक्ष योगेश सराफ एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपेश पटेरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार उमेश तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA गठबंधन के करीब 300 सांसदों द्वारा निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान कथित दुर्व्यवहार, बल प्रयोग एवं लाठीचार्ज की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी रखी गई। तहसीलदार उमेश तिवारी ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा ज्ञापन दिया गया है, जिसे संबंधित एजेंसी को आगे भेजा जाएगा।