MP News: बंद मकान के भीतर गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट से एक घर पूरी तरह ढह गया और तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
Gas Cylinder Blast: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मगरोन थाना क्षेत्र के बेली गांव में घरेलू गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक मकान पूरी तरह से धराशायी हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। (MP News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेली गांव निवासी खरगराम अहिरवार के मकान में अचानक गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना भीषण था कि सिलेंडर छत को तोड़ते हुए ऊपर जा गिरा और मकान की दीवारें भरभराकर गिर पड़ीं। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के मकानों की दीवारों में भी दरारें आ गईं और छतों को नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि सुबह परिवार के लोग भोजन बनाने के बाद खेत में बटरा की थ्रेशिंग के लिए चले गए थे। दोपहर में उनकी बेटी ने भी खाना बनाया और गैस सिलेंडर बंद कर मकान में ताला लगाकर खेत चली गई। इसी दौरान बंद मकान में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में पड़ोसी दयाराम अहिरवार और रामदास अहिरवार के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी बीएल पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सिलेंडर बंद होना सामने आया है, लेकिन विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (MP News)