दमोह

‘दद्दा से पूछो सड़क देखी भी थी, तुम्हें गड्ढे दिख रहे’, दमोह में मंत्री के बयान से मचा बवाल, जीतू पटवारी ने साधा निशाना

Minister Lakhan Patel statement Video: दमोह जिले में सड़क की बदहाली और गड्‌ढों को लेकर एमपी सरकार में राज्यमंत्री लखन पटेल बोले-जरा दद्दा से पूछियो कि सड़क कबऊ देखी है! इस बयान को लेकर जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है।
2 min read
Sep 03, 2026
minister lakhan patel statement jitu patwari post road potholes problem
Minister Lakhan Patel statement: जिले में खराब सड़कों की दिक्कत को लेकर राज्यमंत्री का अटपटा बयान (फोटो सोर्स- Lakhan Patel X Handle)

Minister Lakhan Patel Statement: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के नरसिंहगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान सड़क में गड्‌ढों को लेकर आनंद विभाग मंत्री व पथरिया विधायक लखन पटेल का बयान इन दिनों चर्चा में है। सड़क में गड्‌ढों का मुद्दों पर पटेल के जवाब से लोग हैरान है। दरअसल, किसी ने सड़क की बदहाली और गड्‌ढों की समस्या की ओर ध्यान दिलाया था। इस पर विधायक ने पहले की स्थिति से जोड़ते हुए कहा कि पहले तो सड़कें ही नहीं थीं। विधायक ने कहा कि उनसे किसी ने सड़क के गड्‌ढों को लेकर चर्चा की थी। मंत्री के इस बयान पर गुरूवार को एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अपने एक्स हैंडल से पटवारी ने मंत्री का वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

राज्यमंत्री बोले-जरा दद्दा से पूछियो कि सड़क कबऊ देखी है!

इस पर उन्होंने कहा कि मैंने उसे बोला दद्दा यानी पिता से पूछो कि उन्होंने कभी सड़क देखी भी है या नहीं। दरअसल, मंत्री का तर्क था कि पहले सड़कें नहीं थीं और अब सड़कों में गड्‌ढे नजर आ रहे है। विधायक ने यह भी कहा कि नए लोगों को ही गड्‌ढे दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पहले सड़क देखी ही नहीं थी। बयान का आशय भले ही पहले की तुलना में मौजूदा सड़क व्यवस्था को बेहतर बताना रहा हो,लेकिन गड्‌ढों की शिकायत पर दिया गया यह जवाब अपने अंदाज और शब्दों के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है।

मंत्री पटेल का पूरा बयान

विधायक लखन पटेल ने बुंदेली में कहा कि एक मेरे से कहने लगे कि साहब ये सड़क के गड्‌ढे दिख रहे हैं। मैंने कहा जरा दद्दा से पूछियो कि सड़क कबऊ देखी है? अरे सड़क ही नहीं थी! अब तुम्हें गड्‌ढे दिखा रहे हैं। सड़कें ही नहीं थीं पहले… अब गड्ढे दिख रहे हैं और गड्‌ढे उन लोगों को दिख रहे हैं जो नए लोग हैं, क्योंकि उन्होंने सड़क देखी ही नहीं पहले सड़क होती कैसी थी।

जेन-जी से जोड़कर देखा जा रहा बयान

विदित हो कि जिले में सड़कों की बदहाली को लेकर हाल में छात्र छात्राओं और ग्रामीणों के विरोध के मामले सामने आए थे। ये प्रदर्शन जिले में चर्चा में रहे। ऐसे में विधायक का यह कहना कि गड्ढे नए लोगों को दिख रहे हैं. उनकी यह बात को जेन-जी से जोड़कर देखा जा रहा है।

जीतू पटवारी ने वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

गुरूवार सुबह एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री के इस बयान का वीडियो शेयर कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि 'दोनों हाथ उठाकर, जोरदार ताली बजाकर आनंद अभिनंदन में डूबी सरकार में आनंद विभाग भी है! विभाग के मंत्री हैं - लखन पटेल जी!' पटवारी ने आगे कटाक्ष करते हुए लिखा" ये भी आनंद में हैं। बोले, "युवाओं को सड़क नहीं, गड्ढे दिखते हैं।

लगातार चर्चाओं में आनंद विभाग मंत्री लखन पटेल…

विभाग बदलने परः कुछ समय पहले सीएम ने लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का पद से लेकर उन्हें छोटे से आनंद विभाग की जिम्मेदारी दी गई।

अब बयान से सुर्खियांः सड़कों के गड्‌ढों पर दिया बयान सामने आने के बाद मंत्री लखन पटेल फिर चर्चाओं में हैं। बयान से पहले पटेल बटियागढ़ में गड्‌ढों की शिकायत पर मप्र की सड़कों को सब जगह से अच्छी बता चुके हैं।

Updated on:
03 Sept 2026 01:35 pm
Published on:
03 Sept 2026 01:28 pm