
Chhatron Ki Goonj Indore: राहुल गांधी के दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर इंदौर कांग्रेस में असमंजस (फोटो सोर्स- INC India Instagram)
Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj Indore Update: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने नगर निगम से बड़ा नेहरू स्टेडिमय मांगा है। इसको लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को निगमायुक्त से भी मिला था। स्टेडियम देना या नहीं इसका अभी फैसला नहीं हुआ है। शहर अध्यक्ष मंगलवार को निगमायुक्त से आखिरी बार बात करेंगे। इसके साथ ही नेहरू स्टेडियम न मिलने पर कल आयोजन की तैयारी को लेकर रखी गई बैठक में तय किया जाएगा कि कार्यक्रम कहां होगा। स्टेडियम न मिलने पर कांग्रेस ने खंडवा रोड, रीजनल पार्क के सामने या फिर ट्रांसपोर्ट नगर में से किसी एक जगह पर आयोजन करने का मन बनाया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि निगमायुक्त क्षितिज सिंघल से कल नेहरू पार्क स्थित स्मार्ट सिटी कंपनी के ऑफिस में मुलाकात कर 5 दिन यानी 8 से 12 सितंबर तक नेहरू स्टेडियम देने की मांग की गई है। निगमायुक्त सिंघल ने हमारी बात तो सुन ली है पर अनुमति अभी नहीं दी है। इसको लेकर आज उनसे आखिरी बार बात की जाएगी। नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी का कार्यक्रम करने की अनुमति मिलती है तो ठीक वरना कांग्रेस खंडवा रोड पर लिंबोदी में, रीजनल पार्क के सामने खाली मैदान या फिर ट्रांसपोर्ट नगर में एप्पल हॉस्पिटल के पास खाली जमीन पर में से किसी एक स्थान का चयन करेगी। अब इनमें से किस स्थान पर कार्यक्रम होगा यह आयोजन को लेकर रखी गई बैठक में तय होगा।
राहुल गांधी के इंदौर आने पर तैयारी को लेकर इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग के पदाधिकारियों की बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन प्रभारी महासचिव संजय कामले, राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह बैठकें होगी।
राहुल गांधी 12 सितंबर को छात्रों की गूंज आयोजन के लिए इंदौर आ रहे है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी जिस पर निगम ने कोई फैसला नहीं किया। इस पर कांग्रेस अब भाजपा परिषद पर हमला बोल रही है। इस बीच नगर भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए तीन स्थान सुझाए है।
नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को एक पत्र लिखा। कहना है कि राहुल गांधी के नाम पर कार्यक्रम के लिए जगह ढूंढ़ने में आपकी और आपकी पूरी टीम की नींद उड़ गई है। कल पंजाब विश्वद्यालय चंडीगढ़ के चुनाव में एनएसयूआइ को तीसरे नंबर पर आई है तो जेन जी ने गांधी को संदेश दे दिया है। उसके बाद छात्रों की गूंज आयोजन में हजार-बारह सौ लोगों इकट्ठा हो जाएं तो ठीक है।
पत्र में सुमित मिश्रा ने आरोप लगाया कि आपकी पार्टी जगह को लेकर भ्रम फैला रही है, विकल्प के रूप में आप अभय प्रशाल सभागृह का उपयोग कर सकते हैं। 2003 में सोनिया गांधी का एक कार्यक्रम भी यही हुआ था और यदि आप दो तीन हजार जुटते हैं तो दशहरा मैदान अच्छा विकल्प है और 50,000 विद्यार्थियों का मजमा लगना है तो सुपर कॉरिडोर श्रेष्ठ विकल्प है। जहां पर संवाद के साथ भोजन और पार्किंग की व्यवस्था भी हो सकती हैं। मैंने सौजन्यता के नाते सुझाव दिया है, उम्मीद है आप गंभीरता से लेंगे और मां अहिल्या की नगरी को लेकर दुष्प्रचार नहीं करेंगे।
Updated on:
01 Sept 2026 12:55 pm
Published on:
01 Sept 2026 12:55 pm
