
Damoh Nagar Palika Investigation: मध्यप्रदेश के दमोह में विधायक व पूर्व मंत्री जयंत कुमार मलैया द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष दमोह पर पद के दुरुपयोग सहित अन्य आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद शुक्रवार को जांच टीम भोपाल से दमोह पहुंची। सुबह 11 बजे पहुंची टीम ने दिनभर नगर पालिका में विभिन्न रेकॉर्ड की जांच की। जांच टीम अपना प्रतिवेदन बनाकर आयुक्त नगरीय प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक जयंत मलैया ने बीते माह ही दमोह नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मंजू वीरेंद्र राय की शिकायत नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समक्ष लिखित में की थी। उक्त शिकायत पत्र के आधार पर नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत मोंडवे ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन 8 सितंबर को किया था। इस टीम में अनिल कुमार गोंड, एडिशनल डायरेक्टर को अध्यक्ष और रवि प्रकाश नायक, संयुक्त संचालक, सागर और हिमांशु अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री, सागर को सदस्य बनाया गया था। इस तीन सदस्यीय जांच समिति को विस्तृत जांच कर बिंदुवार जांच प्रतिवेदन 7 दिन के अंदर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देशित किया गया था। शुक्रवार को यह समिति जांच के लिए दमोह पहुंची।
जांच समिति अध्यक्ष अनिल कुमार गोंड एडिशनल डायरेक्टर ने बताया कि विधायक जयंत मलैया ने नगरपालिका अध्यक्ष दमोह द्वारा पद का दुरुपयोग व अन्य बिंदुओं की शिकायत की है, जिसके आधार पर यह जांच की जा रही है। जांच के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दे सकते हैं, क्योंकि वह इसके लिए अधिकृत नहीं है। इसकी अधिकृत जानकारी आयुक्त ही प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि जांच के बिंदुओं के आधार पर दमोह सीएमओ कार्यालय में बैठकर रेकॉर्ड की जांच की गई हैं। हालांकि, इस दौरान शिकायतकर्ता विधायक जयंत मलैया और जिनके विरुद्ध शिकायत हुई वह नगर पालिका अध्यक्ष उपस्थित रहे या नहीं, यह भी जांच टीम ने स्पष्ट नहीं किया है।