
snake bite grandfather granddaughter death, अस्पताल के बाहर खड़े परिजन (Source-Patrika)
Damoh Snake Bite: बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, ताजा मामला मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तारादेही थाना क्षेत्र के सरसेला गांव का है। यहां एक घर में सो रहे दादा-पोती को सांप ने डस लिया। सांप के डसने के कारण पोती की मौत हो गई है जबकि दादा की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरसेला गांव में रहने वाले रमेश पटेल (60) रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अपने घर में पोती के साथ सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1 से 2 बजे के बीच जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। सांप के डसते ही रमेश पटेल को दर्द हुआ तो उन्होंने परिवार के लोगों को आवाज दी। परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे और लाइट जलाया तो देखा कि सांप बिस्तर के पास से जा रहा था। सांप देखते ही देखते पास की दीवार में बनी दरार में चला गया। इसके बाद रमेश पटेल को परिजन तुरंत निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तेंदूखेड़ा लेकर पहुंचे। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
जब परिवार के सदस्य दादा रमेश पटेल का इलाज करा रहे थे तभी उन्हें सूचना मिली कि बच्ची दुर्गा की तबीयत भी बिगड़ गई है। इसके बाद बच्ची को सुबह करीब 5 बजे परिजन तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने के लिए घर से रवाना हुए। बच्ची को परिजन अस्पताल ला पाते इससे पहले ही रास्ते में उसकी सांसें थम गईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर तारादेही पुलिस तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। बच्ची की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
Updated on:
07 Sept 2026 10:08 pm
Published on:
07 Sept 2026 10:07 pm
