
दामाद ने ससुर की जान ले ली, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
Damoh news:मध्यप्रदेश के दमोह जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर ससुराल में विवाद कर पत्नी को लेने पहुंचे दामाद ने परिजनों द्वारा भेजने से मना करने पर सोते समय अपने 70 वर्षीय ससुर रमेश रैकवार की जान ले ली। बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर दौड़ी 25 वर्षीय नातिन गंगा पर भी आरोपी ने हमला किया। जिससे वह भी घायल हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। उधर, डायल 112 पर सूचना मिलने पर बटियागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भतीजे सचिन रैकवार ने बताया कि विदाई से इनकार किए जाने के बाद रामप्रसाद गांव में शराब पीकर घूमता रहा। शाम को वह एक अज्ञात साथी के साथ फिर घर के आसपास चक्कर काटने लगा। रात अधिक होने पर परिजन दामाद के नाते उसे समझा-बुझाकर घर ले आए और खाना खिलाकर घर में सोने को कहा। घर के लोग जब सो गए, तब भोर में कब 4.30 बजे आरोपी ने मौका पाकर खाट पर सो रहे बुजुर्ग रमेश रैकवार पर वार कर दिए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी तड़पकर मौत हो गई।
पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। जिसमें दामाद रामप्रसाद ने अपने ससुर की जान ले ली है। बीच-बचाव में आई युवती भी घायल हुई है। जिसे बटियागढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया है और वह सुरक्षित है। पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। - प्रिया सिंधी, एसडीओपी, पथरिया
विवाद की शुरुआत आरोपी के घर से हुई थी। मृतक की बेटी व आरोपी की पत्नी लक्ष्मी रैकवार ने बताया कि लिड़ाई बम्होरी निवासी पति रामप्रसाद रैकवार ने पहले ससुराल में उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया था। लक्ष्मी के अनुसार आरोपी पति ने मुझे बुरी तरह पीटा। मैं किसी तरह जान बचाकर अपने मायके पिपरौधा आई थी कि यहां से पुलिस में रिपोर्ट करूंगी। मगर पति मेरा पीछा करते हुए परसों ही पिपरोधा आ गया और गांव में ही रुका रहा। वहीं परिजनों ने बताया कि आरोपी लगातार पत्नी को जबरन साथ ले जाने की जिद कर रहा था। जिस पर ससुर रमेश रैकवार और अन्य परिजनों ने कह दिया था कि जब तक रामप्रसाद अपनी हरकतें नहीं सुधारेगा। बेटी को उसके साथ नहीं भेजा जाएगा।
Updated on:
08 Sept 2026 12:14 pm
Published on:
08 Sept 2026 12:14 pm
