
Damoh School Misconduct TC Case: मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्रों और एक छात्रा को आपस में बातचीत करने पर स्कूल के प्राचार्य ने खराब आचरण की टीसी दे दी। इतना ही नहीं आरोप है कि प्राचार्य ने तीनों को प्राचार्य कक्ष में बुलाया और इस दौरान एक छात्र के साथ अभद्रता व मारपीट भी की। प्राचार्य पर आरोप है कि उन्होंने बिना पूरी सच्चाई जाने छात्रों को खराब आचरण की टीसी दे दी है जिससे उनका भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। मामला कलेक्टर तक पहुंच चुका है और उन्होंने जांच की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटेरा तहसील स्थित शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी विद्यालय में 26 नवंबर को दो छात्र व एक छात्रा क्लासरूम में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के प्रभारी प्राचार्य कमलेश शर्मा वहां पहुंचे। उन्होंने छात्रों व छात्रा को आपस में बात करते हुए देखा तो उन्हें फटकार लगाई। प्राचार्य ने तीनों को अपने कक्ष में बुलाया और आरोप है कि वहां एक छात्र से अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट भी की। प्राचार्य पर आरोप है कि उन्होंने छात्रा व छात्रों के साथ ही स्टाफ की बात भी नहीं सुनी और तीनों छात्रों को खराब आचरण की टीसी देकर स्कूल से बाहर कर दिया। खराब आचरण की टीसी दिए जाने से अब तीनों छात्रों के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताजा रहा है कि शिक्षक कमलेश शर्मा को इसी वर्ष अगस्त के महीने में स्कूल के प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यकाल की शुरुआत में ही स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण को लेकर विवाद सामने आया था, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। इतना ही नहीं कुछ शिक्षकों और छात्रों ने ये भी आरोप लगाए हैं कि प्रभारी प्राचार्य नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं और शासकीय बैठकों से भी अनुपस्थित रहते हैं। इस पूरे मामले की जानकारी दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव तक पहुंच चुकी है और उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की बात कही है।